ईमानदारी की मिसाल: प्रधान आरक्षक आशुतोष नेताम ने लाखों के जेवर और नकदी से भरा बैग लौटाया

0
10

ईमानदारी की मिसाल: प्रधान आरक्षक आशुतोष नेताम ने लाखों के जेवर और नकदी से भरा बैग लौटाया

रायपुर। राजधानी रायपुर में छत्तीसगढ़ पुलिस के एक जवान ने ईमानदारी और कर्तव्यनिष्ठा की ऐसी मिसाल पेश की है, जिसकी हर तरफ सराहना हो रही है। यातायात पुलिस में पदस्थ प्रधान आरक्षक आशुतोष नेताम ने सड़क पर लावारिस हालत में मिले नकदी और सोने-चांदी के जेवरात से भरे बैग को उसके वास्तविक मालिक तक पहुंचाकर पुलिस की सकारात्मक छवि को मजबूत किया है।

जानकारी के अनुसार, प्रधान आरक्षक आशुतोष नेताम (क्रमांक-691) भनपुरी चौक रायपुर में पॉइंट ड्यूटी के दौरान यातायात संचालन कर रहे थे। इसी दौरान उन्हें सड़क किनारे एक लावारिस बैग मिला। बैग की जांच करने पर उसमें 11,700 रुपये नगद तथा करीब 4 तोला सोने-चांदी के जेवरात मिले।

बैग मिलने के बाद आशुतोष नेताम ने ईमानदारी का परिचय देते हुए बैग में मौजूद आधार कार्ड से संबंधित व्यक्ति की जानकारी जुटाई। आधार कार्ड में दर्ज मोबाइल नंबर पर संपर्क कर बैग के मालिक को भनपुरी यातायात थाना बुलाया गया और विधिवत सुपुर्दनामा तैयार कर बैग उसके वास्तविक मालिक को सौंप दिया गया।

इस सराहनीय कार्य की जानकारी देते हुए निरीक्षक विशाल कुजूर ने कहा कि आशुतोष नेताम ने यह साबित कर दिया कि पुलिस की वर्दी केवल जिम्मेदारी ही नहीं, बल्कि ईमानदारी और सेवा का भी प्रतीक है। उनका यह कार्य आम लोगों के बीच पुलिस के प्रति विश्वास और सम्मान को और मजबूत करता है।

प्रधान आरक्षक आशुतोष नेताम की इस ईमानदारी की सोशल मीडिया और स्थानीय लोगों द्वारा भी जमकर सराहना की जा रही है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here