महासमुंद में 1.14 करोड़ का गांजा जब्त: खाली कैरेट के पीछे छिपाकर महाराष्ट्र ले जा रहे थे तस्कर, दो गिरफ्तार

0
21

महासमुंद। CG DASTAK

छत्तीसगढ़ के महासमुंद जिले में अवैध मादक पदार्थ तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एंटी नारकोटिक टास्क फोर्स और सिंघोड़ा पुलिस की संयुक्त टीम ने एक पीकअप वाहन से करोड़ों रुपए का गांजा बरामद किया है। तस्कर गांजा को खाली कैरेट के पीछे छिपाकर ओडिशा से महाराष्ट्र ले जा रहे थे। पुलिस ने कार्रवाई के दौरान दो अंतरराज्यीय तस्करों को गिरफ्तार किया है।

सिल्की ढाबा के पास नाकेबंदी कर पकड़ा वाहन

जानकारी के अनुसार, एंटी नारकोटिक टास्क फोर्स को सूचना मिली थी कि एक पीकअप वाहन क्रमांक MH16CD8741 में भारी मात्रा में गांजा भरकर ओडिशा से छत्तीसगढ़ होते हुए महाराष्ट्र ले जाया जा रहा है। सूचना के बाद सिंघोड़ा थाना पुलिस और एंटी नारकोटिक टीम ने NH-53 स्थित गनियारीपाली गांव के सिल्की ढाबा के सामने नाकेबंदी की।
इस दौरान संदिग्ध पीकअप वाहन को रोककर तलाशी ली गई। जांच में वाहन के डाले में रखे खाली कैरेटों के पीछे बोरियों में छिपाकर रखा गया गांजा बरामद हुआ।

226 किलो से ज्यादा गांजा बरामद

पुलिस ने वाहन से कुल 226.600 किलोग्राम गांजा जब्त किया है, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 1 करोड़ 14 लाख 30 हजार रुपए बताई जा रही है।

महाराष्ट्र के दो तस्कर गिरफ्तार

कार्रवाई के दौरान पुलिस ने वाहन में सवार दो आरोपियों को गिरफ्तार किया। पूछताछ में उन्होंने अपनी पहचान –

  • अजिनाथ आश्रु जाधव (28 वर्ष)
  • अक्षय बारुक (32 वर्ष)

निवासी अहमदनगर, महाराष्ट्र के रूप में बताई।

आरोपियों ने पूछताछ में स्वीकार किया कि वे गांजा को ओडिशा के बालिगुड़ा क्षेत्र से लेकर महाराष्ट्र के अहमदनगर पहुंचाने जा रहे थे।

वाहन और मोबाइल भी जब्त

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से –

  • गांजा से भरा पीकअप वाहन
  • 03 मोबाइल फोन भी जब्त किए हैं।

NDPS एक्ट के तहत मामला दर्ज

दोनों आरोपियों के खिलाफ सिंघोड़ा थाना में NDPS एक्ट की धारा 20(B)(ii)(B) के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। पुलिस अब इस पूरे नेटवर्क के सप्लायर और रिसीवर की जानकारी जुटाने में लगी हुई है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here