
रायपुर। CG DASTAK
राजधानी रायपुर के मोवा थाना क्षेत्र में दो सालियों की गोली मारकर हत्या करने वाले आरोपी जीजा जितेंद्र वर्मा को लेकर अब एक और सनसनीखेज खुलासा हुआ है। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी ने इलाके में जमकर उत्पात मचाया और एक मेडिकल स्टोर में घुसकर संचालक पर भी पिस्टल तान दी। आरोपी द्वारा की गई फायरिंग की पूरी घटना वहां लगे CCTV कैमरे में कैद हो गई है, जिसका वीडियो अब सामने आया है।
पत्नी से विवाद के बाद पहुंचा था ससुराल
जानकारी के अनुसार, मोवा निवासी आरोपी जितेंद्र वर्मा की शादी वर्ष 2020 में ज्योति वर्मा उर्फ खिलेश्वरी से हुई थी। पति-पत्नी के बीच विवाद चल रहा था और इसी कारण पत्नी पिछले 20-25 दिनों से अपने मायके में रह रही थी।
बताया जा रहा है कि 5 मई की रात करीब साढ़े 10 बजे जितेंद्र वर्मा अपने ससुराल पहुंचा और पत्नी व बच्चों से मिलने की बात कहने लगा। इस दौरान उसकी बड़ी साली गीतांजली उर्फ जया ने देर रात होने का हवाला देते हुए सुबह आने को कहा। इसी बात पर आरोपी भड़क गया।
लाइसेंसी पिस्टल से की ताबड़तोड़ फायरिंग
गुस्से में आरोपी ने अपनी लाइसेंसी पिस्टल निकालकर गीतांजली पर गोली चला दी। गोली लगते ही वह गंभीर रूप से घायल होकर गिर पड़ी। इसी दौरान घर से बाहर आई छोटी साली दुर्गेश्वरी पर भी आरोपी ने फायरिंग कर दी।
घटना में दोनों बहनों की मौत हो गई। वारदात के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उसके कब्जे से लाइसेंसी पिस्टल भी जब्त की है।
मेडिकल स्टोर में घुसकर भी मचाया उत्पात
अब मामले में नया खुलासा सामने आया है। दोहरी हत्या के बाद आरोपी जितेंद्र वर्मा पास के एक मेडिकल स्टोर में पहुंचा, जहां उसने संचालक पर पिस्टल तानकर फायरिंग की। हालांकि मेडिकल स्टोर संचालक बाल-बाल बच गया।
यह पूरी घटना मेडिकल स्टोर में लगे CCTV कैमरे में रिकॉर्ड हो गई, जिसका वीडियो अब सामने आया है। वीडियो में आरोपी को हथियार लहराते और फायरिंग करते देखा जा सकता है।
पुलिस कर रही मामले की विस्तृत जांच
पुलिस के मुताबिक आरोपी की मानसिक स्थिति और वारदात के पूरे घटनाक्रम की विस्तृत जांच की जा रही है। CCTV फुटेज और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर केस को मजबूत किया जा रहा है।
घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है और लोग आरोपी के इस खौफनाक रूप को लेकर स्तब्ध हैं।










