रायपुर में ऑनलाइन सट्टे पर बड़ा एक्शन: नमन जग्गी और आयुष जैन समेत 3 गिरफ्तार, 55 लाख की कार- मोबाइल जब्त

0
82

रायपुर। CG DASTAK

राजधानी रायपुर में ऑनलाइन क्रिकेट सट्टेबाजी के खिलाफ पुलिस कमिश्नरेट की कार्रवाई लगातार जारी है। डीसीपी क्राइम एंड साइबर की टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए ऑनलाइन बैटिंग एप संचालित करने वाले नमन जग्गी, आयुष जैन और मोहम्मद सरफराज मामदानी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से मोबाइल फोन, नगदी और दो लग्जरी चारपहिया वाहन समेत करीब 55 लाख रुपए का मशरूका जब्त किया है।

36 मॉल के पास कार में चल रहा था ऑनलाइन सट्टा

पुलिस को सूचना मिली थी कि थाना तेलीबांधा क्षेत्र स्थित 36 मॉल के पास एक कार में बैठकर IPL मैचों पर ऑनलाइन सट्टा संचालित किया जा रहा है। सूचना पर डीसीपी क्राइम एवं साइबर स्मृतिक राजनाला और डीसीपी मध्य जोन उमेश प्रसाद गुप्ता के निर्देशन में एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट और तेलीबांधा थाना पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई की।

नमन जग्गी के मोबाइल से खुला नेटवर्क

पुलिस ने मौके पर कार में बैठे नमन जग्गी को पकड़ा। उसके मोबाइल की जांच में वह Gold777.com नामक आईडी से ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा खेलते और खिलाते मिला। पूछताछ में नमन ने बताया कि उसने आयुष जैन और मोह. सरफराज मामदानी को सट्टे की आईडी बेच रखी थी।

इसके बाद पुलिस ने दोनों आरोपियों को भी एक अन्य कार में बैठकर सट्टा संचालित करते गिरफ्तार कर लिया।

अलग-अलग वेबसाइट से चला रहे थे सट्टा

जांच में सामने आया कि –

  • आयुष जैन – jmdbet777.com और AllpaneleXch9.co
  • मोह. सरफराज मामदानी – silverbet777.club

नामक आईडी और पैनल के जरिए ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा चला रहे थे।

5 मोबाइल, 2 महंगी कारें और नगदी जब्त

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से –

  • 05 मोबाइल फोन
  • ₹6,000 नगद
  • 02 महंगी चारपहिया वाहन
  1. CG 04 QX 3300
  2. CG 04 NU 0313

जप्त किए हैं। कुल जब्त संपत्ति की कीमत करीब 55 लाख रुपए बताई जा रही है।

पहले भी सामने आ चुका है आयुष जैन का नाम

पुलिस के मुताबिक आरोपी आयुष जैन का भाई पीयूष जैन भी पहले ऑनलाइन सट्टे के मामले में गिरफ्तार हो चुका है। उसे जनवरी 2026 में करीब 37.50 लाख रुपए नगद के साथ पकड़ा गया था।

अन्य राज्यों से जुड़े तार

पुलिस को इस ऑनलाइन बैटिंग नेटवर्क के तार दूसरे राज्यों से जुड़े होने के संकेत मिले हैं। तकनीकी साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं और जल्द ही अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी की संभावना जताई जा रही है।

2026 में अब तक 74 सटोरिये गिरफ्तार

कमिश्नरेट प्रणाली लागू होने के बाद रायपुर पुलिस ने ऑनलाइन सट्टे के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए अब तक –

  • 15 प्रकरण दर्ज
  • 74 आरोपी गिरफ्तार
  • 217 मोबाइल
  • 20 लैपटॉप
  • 10 चारपहिया वाहन
  • 04 दोपहिया वाहन
  • ₹3.53 करोड़ से अधिक का मशरूका जब्त किया है।

फिलहाल तीनों आरोपियों के खिलाफ थाना तेलीबांधा में जुआ अधिनियम और बीएनएस की धाराओं के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here