श्रीराम नवमी पर जामगांव-आर में निकलेगी भव्य शोभायात्रा, संत श्रीराम बालक दास महाराज करेंगे धर्मसभा को संबोधित

0
21

जामगांव-आर (पाटन)।

दक्षिण पाटन के केंद्रबिंदु जामगांव-आर में आगामी श्रीराम नवमी पर्व को लेकर तैयारियां जोर-शोर से शुरू हो गई हैं। जन कल्याण रामोत्सव समिति के तत्वावधान में नवनिर्मित श्रीराम मंदिर प्रांगण में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई, जिसमें अंचल के विभिन्न ग्रामों के प्रमुख, सरपंच एवं जनप्रतिनिधि शामिल हुए।

बैठक में निर्णय लिया गया कि श्रीराम नवमी के पावन अवसर पर किसान चौक से श्रीराम मंदिर तक भव्य शोभायात्रा निकाली जाएगी। इस शोभायात्रा में भजन-कीर्तन, भगवान श्रीराम की आकर्षक झांकियां और विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियां मुख्य आकर्षण रहेंगी।

धर्मसभा और सामूहिक आरती का आयोजन

कार्यक्रम के तहत स्थानीय बाजार चौक में विशाल धर्मसभा का आयोजन किया जाएगा, जिसकी शुरुआत भगवान श्रीराम की सामूहिक आरती से होगी। इसके पश्चात कौशिल्या धाम जामड़ी पटेश्वर के प्रख्यात संत बाल योगेश्वर श्रीराम बालक दास महाराज धर्मसभा को संबोधित करेंगे।

इसी मंच पर पाटन ब्लॉक के कारसेवकों का सम्मान समारोह भी आयोजित किया जाएगा, जिससे आयोजन को विशेष गरिमा मिलेगी।

श्रीराम मंदिर निर्माण पूर्ण, नवमी पर प्राण प्रतिष्ठा

नगर के कारसेवक जिलोकन चंद्राकर के पौत्र एवं मुख्य मंदिर निर्माणकर्ता संदीप चंद्राकर ने जानकारी दी कि लंबे इंतजार के बाद बाजार चौक स्थित हनुमान मंदिर के पास भव्य श्रीराम मंदिर का निर्माण पूर्ण हो चुका है।

उन्होंने बताया कि श्रीराम नवमी के शुभ मुहूर्त में भगवान श्रीराम सहित अन्य देव प्रतिमाओं की स्थापना, पूजन एवं प्राण-प्रतिष्ठा विधिवत संपन्न होगी। उन्होंने क्षेत्रवासियों से इस धार्मिक आयोजन में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने की अपील की।

बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि रहे उपस्थित

बैठक में सरपंच रूपेंद्र शुक्ला, वरिष्ठ स्वयंसेवक हलधर महमल्ला, भाजपा नेता नारद साहू, सामाजिक कार्यकर्ता मनीष चंद्राकर, शासकीय कॉलेज समिति अध्यक्ष नरेश केला, पूर्व सरपंच कन्हैयालाल साहू, मेघनाथ सागरवंशी, नरोत्तम साहू, पुरनेन्द्र सिन्हा, मुकेश साहू, मनीष जैन, लीलाधर साहू, उमाशंकर साहू, शैलेंदरी मंडावी, भारती सोनबेर सहित अन्य गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

बैठक का संचालन किशोर साहू ने किया, जबकि आभार प्रदर्शन संदीप चंद्राकर ने किया।

क्षेत्र में इस आयोजन को लेकर जबरदस्त उत्साह है और श्रद्धालु इसे ऐतिहासिक एवं भव्य धार्मिक आयोजन के रूप में देखने के लिए उत्सुक हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here