
बलौदाबाजार। CG DASTAK
छत्तीसगढ़ के बलौदाबाजार जिले में गुरुवार को एक भीषण औद्योगिक हादसा हो गया। भाटापारा ग्रामीण थाना क्षेत्र के ग्राम बकुलाही स्थित इस्पात संयंत्र में क्लिनिकल फर्नेस के दौरान हुए जोरदार ब्लास्ट में छह मजदूरों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पांच अन्य मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद संयंत्र परिसर में अफरा-तफरी मच गई।
घटना की सूचना मिलते ही बलौदाबाजार कलेक्टर दीपक सोनी, एसपी भावना गुप्ता, भाटापारा ग्रामीण पुलिस और अतिरिक्त पुलिस बल मौके पर पहुंच गया। प्रशासन ने तत्काल राहत और बचाव कार्य शुरू कराया।
घायलों को बिलासपुर किया गया रेफर
प्राप्त जानकारी के अनुसार, हादसे में घायल मजदूरों को पहले भाटापारा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर हालत को देखते हुए बिलासपुर रेफर कर दिया गया है।
मंत्री टंक राम वर्मा ने जांच की कही बात
घटना पर प्रतिक्रिया देते हुए मंत्री टंक राम वर्मा ने कहा कि,
“यह अत्यंत गंभीर मामला है। मजदूरों की मौत किन परिस्थितियों में हुई, सुरक्षा उपकरण उपलब्ध थे या नहीं—इन सभी पहलुओं की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए।”
प्रशासन ने की मौतों की पुष्टि
कलेक्टर दीपक सोनी और एसपी भावना गुप्ता ने हादसे की पुष्टि करते हुए बताया कि इस दुर्घटना में 6 लोगों की मौत हुई है और 5 मजदूर गंभीर रूप से घायल हैं। फिलहाल पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर मौजूद है और हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। संयंत्र प्रबंधन से भी पूछताछ जारी है।
हादसे में घायल मजदूरों के नाम
- मोटाज अंसारी (26 वर्ष) – बढ़ई सेंटर, एमएस
- सराफत अंसारी (32 वर्ष) – बढ़ई, एमएस
- साबिर अंसारी (37 वर्ष) – बढ़ई, एमएस
- कल्पू भुइया (51 वर्ष) – हेल्पर
- रामू भुइया (34 वर्ष) – हेल्पर
औद्योगिक सुरक्षा मानकों और श्रमिकों की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर यह हादसा कई गंभीर सवाल खड़े कर रहा है।










