CG News : धर्मांतरित बुजुर्ग महिला के शव दफनाने को लेकर विवाद, पुलिस-प्रशासन की समझाइश से निकला समाधान

0
29

धमतरी। CG DASTAK

जिले के नवागांव–कंडेल गांव में एक धर्मांतरित बुजुर्ग महिला के शव को दफनाने को लेकर शनिवार को विवाद की स्थिति बन गई। मामले में विश्व हिन्दू परिषद और बजरंग दल के कार्यकर्ताओं द्वारा विरोध किए जाने के बाद गांव में तनाव फैल गया, जिसे नियंत्रित करने के लिए पुलिस को हस्तक्षेप करना पड़ा। अंततः प्रशासन की समझाइश के बाद शव को धमतरी स्थित कब्रिस्तान में ले जाकर दफनाया गया।

मिली जानकारी के अनुसार, धमतरी ब्लॉक के नवागांव–कंडेल निवासी बुधाबाई साहू (85 वर्ष) का निधन हो गया था। अंतिम संस्कार को लेकर विवाद तब खड़ा हुआ जब परिजन गांव में ही शव दफनाने की तैयारी कर रहे थे। ग्रामीणों ने इसका विरोध करते हुए कहा कि मृतिका का बेटा बीते कुछ वर्षों से दूसरे धर्म से जुड़ा हुआ है, जिससे गांव में असहमति की स्थिति बन गई।

विरोध के बाद बढ़ा तनाव

घटना की सूचना मिलने पर मौके पर विश्व हिन्दू परिषद और बजरंग दल के कार्यकर्ता पहुंचे और शव दफनाने का विरोध किया। इससे गांव में तनाव का माहौल बन गया। स्थिति बिगड़ते देख अर्जुनी थाना प्रभारी राजेश जगत पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे।

पुलिस-प्रशासन की समझाइश से निकला समाधान

पुलिस और प्रशासन द्वारा दोनों पक्षों से बातचीत कर स्थिति को शांत कराया गया। इसके बाद आपसी सहमति से निर्णय लिया गया कि शव को गांव के बजाय धमतरी ले जाकर दूसरे धर्म के कब्रिस्तान में दफनाया जाएगा। पुलिस की निगरानी में शांतिपूर्ण तरीके से अंतिम प्रक्रिया पूरी कराई गई।

फिलहाल गांव में स्थिति सामान्य बताई जा रही है और पुलिस एहतियातन नजर बनाए हुए है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here