
बेमेतरा/नवागढ़। दिवाली की रात जब पूरा प्रदेश रोशनी में डूबा था, तब कुछ लोग किस्मत आजमाने में लगे थे। नवागढ़ थाना क्षेत्र में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए टेंट लगाकर जुआ खेल रहे 236 जुआरियों को गिरफ्तार किया है। ये सभी अलग-अलग 22 फड़ों में बैठकर जुआ खेल रहे थे। पुलिस ने मौके से करीब दो लाख रुपए नगद, ताश के पत्ते, मोबाइल और बाइक जब्त किए हैं।

एसडीओपी कौशल्या साहू के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई। पुलिस को सोमवार शाम सूचना मिली थी कि मुंगेली-नवागढ़ रोड पर विनोद साहू के ईंट भट्टा के पास बड़ी संख्या में लोग टेंट लगाकर जुआ खेल रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर 22 फड़ों में खेल रहे जुआरियों को पकड़ लियाl

कार्रवाई के दौरान पुलिस ने 51 हजार रुपए फड़ से और एक लाख 43 हजार 548 रुपए जुआरियों के पास से जब्त किए। कुल मिलाकर 1,94,988 रुपए नगद बरामद किए गए। इसके अलावा कई मोबाइल फोन और बाइक भी जब्त किए गए हैं।

पुलिस ने सभी जुआरियों के खिलाफ जुआ एक्ट के तहत कार्रवाई की है। अधिकारियों ने बताया कि दिवाली जैसे त्यौहारों पर अवैध जुए पर लगातार नजर रखी जा रही है और ऐसी गतिविधियों में शामिल लोगों पर सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।










