
रायपुर, 15 जुलाई 2025। मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय से आज विधानसभा स्थित कार्यालय में राज्य पुलिस सेवा के अधिकारियों ने सौजन्य भेंट कर मंत्रिपरिषद द्वारा वरिष्ठ प्रवर श्रेणी वेतनमान दिए जाने के निर्णय पर आभार व्यक्त किया। अधिकारियों ने मुख्यमंत्री को धन्यवाद दिया कि सरकार ने पुलिस सेवा के समुचित प्रबंधन के लिए यह महत्वपूर्ण निर्णय लिया।
इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री श्री विजय शर्मा भी उपस्थित थे।
उल्लेखनीय है कि 11 जुलाई 2025 को आयोजित मंत्रिपरिषद की बैठक में, वर्ष 2005 से 2009 बैच तक के उन राज्य पुलिस सेवा अधिकारियों को वरिष्ठ प्रवर श्रेणी वेतनमान देने का निर्णय लिया गया, जिन्होंने अपनी सेवा की निर्धारित अर्हता अवधि पूर्ण कर ली है। साथ ही, राज्य पुलिस सेवा संवर्ग के बेहतर प्रबंधन के लिए 30 सांख्येतर पदों का भी सृजन किया गया है।
यह निर्णय न केवल पुलिस अधिकारियों के उत्साहवर्धन का कार्य करेगा, बल्कि राज्य में कानून व्यवस्था बनाए रखने में उनकी भूमिका को और अधिक सशक्त बनाएगा।
मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने इस अवसर पर कहा कि राज्य सरकार पुलिस विभाग की मजबूती और सम्मानजनक सेवाओं को प्राथमिकता दे रही है। उन्होंने अधिकारियों को आश्वस्त किया कि भविष्य में भी सेवा शर्तों एवं पदोन्नति से जुड़े सभी विषयों पर सकारात्मक दृष्टिकोण से निर्णय लिए जाएंगे।
इस अवसर पर उपस्थित अधिकारी:
- अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री लखन पटले
- श्री कीर्तन राठौर
- श्री अनंत साहू
- डॉ. संगीता माहेलकर
- श्रीमती प्रज्ञा मेश्राम
इन अधिकारियों ने संयुक्त रूप से राज्य शासन का धन्यवाद प्रकट करते हुए इसे पुलिस सेवा के लिए ऐतिहासिक कदम बताया।
—










