कांकेर के छोटेबेठिया में प्रशासन ने रुकवाया बाल विवाह, 15 साल 11 माह की नाबालिग का तय था विवाह

0

कांकेर। छत्तीसगढ़ के उत्तर बस्तर कांकेर जिले में प्रशासन की तत्परता से एक नाबालिग बालिका का बाल विवाह होने से पहले ही रुकवा दिया गया। मामला कोयलीबेड़ा विकासखंड के ग्राम छोटेबेठिया का है। चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 पर मिली सूचना के बाद महिला एवं बाल विकास विभाग की संयुक्त टीम ने मौके पर पहुंचकर विवाह की तैयारियां रुकवाईं।

जिला कार्यक्रम अधिकारी समीर पाण्डेय के अनुसार, पखांजूर क्षेत्र के ग्राम छोटेबेठिया में आगामी 26 दिसंबर 2026 को बालिका का विवाह निर्धारित था। इसकी सूचना चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 के माध्यम से महिला एवं बाल विकास विभाग कांकेर को मिली थी।

15 साल 11 माह की मिली बालिका की उम्र

कलेक्टर कुन्दन कुमार के आदेश और जिला कार्यक्रम अधिकारी के निर्देश पर संयुक्त टीम गठित की गई। इसमें महिला एवं बाल विकास विभाग के पर्यवेक्षक, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, थाना छोटेबेठिया पुलिस और ग्राम पंचायत सचिव शामिल थे।

टीम ने गांव पहुंचकर दोनों पक्षों, परिजनों और समाज प्रमुखों से बातचीत की। इसके साथ ही बालिका के आधार कार्ड और शैक्षणिक दस्तावेजों की जांच की गई। दस्तावेजों के सत्यापन में बालिका की उम्र 15 वर्ष 11 माह पाई गई, जबकि विवाह के लिए तय युवक की उम्र 23 वर्ष बताई गई।

परिजनों और समाज प्रमुखों को दी समझाइश

प्रशासनिक टीम ने मौके पर मौजूद दोनों पक्षों के माता-पिता, ग्रामवासियों, समाज प्रमुखों, पंचों और अन्य सदस्यों को बाल विवाह के कानूनी प्रावधानों, इसके दुष्परिणामों और कानून के तहत सजा के प्रावधानों की जानकारी दी।

अधिकारियों की समझाइश के बाद दोनों पक्षों के परिजनों ने बाल विवाह नहीं करने पर सहमति जताई। इसके बाद आपसी सहमति से प्रस्तावित विवाह रोक दिया गया।

बाल विवाह की सूचना 1098 पर देने की अपील

जिला कार्यक्रम अधिकारी, महिला एवं बाल विकास विभाग ने जिले के नागरिकों से अपील की है कि बाल विवाह जैसी सामाजिक कुरीति को रोकने में प्रशासन का सहयोग करें। कहीं भी बाल विवाह की जानकारी मिलने पर तत्काल चाइल्ड हेल्पलाइन नंबर 1098 पर सूचना दें।

प्रशासन का कहना है कि समय पर मिली सूचना से बच्चों के अधिकारों और उनके सुरक्षित भविष्य की रक्षा करने में मदद मिल सकती है।

CG Dastak | हर खबर, सीधा सच!

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here