छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट का अहम फैसला: पति की आपत्ति के बावजूद पत्नी को तलाक, मानसिक क्रूरता मानने के लिए परिस्थितिजन्य साक्ष्यों को माना आधार

0

बिलासपुर। CG DASTAK 

बिलासपुर। छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट ने वैवाहिक विवाद से जुड़े एक महत्वपूर्ण मामले में फैमिली कोर्ट के आदेश को निरस्त करते हुए पति की तलाक याचिका स्वीकार कर ली है। अदालत ने कहा कि वैवाहिक जीवन में मानसिक क्रूरता साबित करने के लिए हर मामले में शारीरिक संबंधों या प्रत्यक्ष प्रमाण की आवश्यकता नहीं होती। परिस्थितिजन्य साक्ष्य और गवाहों के बयान भी महत्वपूर्ण हो सकते हैं।

मामला कोरिया जिले के बैकुंठपुर निवासी एक दंपती से जुड़ा है। दोनों की शादी वर्ष 1994 में हिंदू रीति-रिवाज से हुई थी। उनके एक बेटा और दो बेटियां हैं। पति ने आरोप लगाया था कि पत्नी दूसरे व्यक्ति के साथ लगातार संपर्क में रहती थी और मना करने के बावजूद उससे बातचीत तथा मुलाकात जारी रखती थी। इससे उनका वैवाहिक जीवन प्रभावित हुआ।

2019 में फैमिली कोर्ट ने खारिज की थी याचिका

पति ने मानसिक प्रताड़ना और पत्नी के दूसरे व्यक्ति से संबंध होने का आरोप लगाते हुए फैमिली कोर्ट में तलाक की याचिका लगाई थी। 23 नवंबर 2019 को फैमिली कोर्ट ने पर्याप्त सबूत नहीं होने के आधार पर याचिका खारिज कर दी थी। इसके बाद पति ने हाईकोर्ट में अपील की।

बेटी और बेटे के बयान भी बने अहम आधार

हाईकोर्ट में सुनवाई के दौरान बेटी ने बताया कि उसकी मां एक व्यक्ति से लगातार फोन पर बातचीत करती थीं। परिवार के लोगों ने उन्हें समझाने की कोशिश भी की, लेकिन बातचीत बंद नहीं हुई।

बेटे ने भी गवाही में बताया कि पिता की गैरमौजूदगी में वह व्यक्ति घर आता था। बच्चों को इसकी जानकारी देने पर मां उन्हें डांटती थीं। बेटे के अनुसार, एक बार मां उस व्यक्ति के घर भी गई थीं

पति ने अदालत को बताया कि 22 अगस्त 2017 को पत्नी के माता-पिता की तबीयत खराब होने पर उन्हें अस्पताल भेजा गया था। बाद में उसने पत्नी को उसी व्यक्ति के साथ बाइक पर देखा था। समझाने के बाद पत्नी ने दोबारा ऐसा नहीं करने का भरोसा दिया, लेकिन कुछ समय बाद फिर संपर्क शुरू हो गया।

हाईकोर्ट ने क्या कहा?

हाईकोर्ट ने कहा कि वैवाहिक विवादों में हर बार प्रत्यक्ष प्रमाण जुटाना संभव नहीं होता। फोन रिकॉर्डिंग, वीडियो या अन्य प्रत्यक्ष साक्ष्य की उम्मीद हर मामले में नहीं की जा सकती। ऐसे मामलों में परिस्थितिजन्य साक्ष्य और गवाहों के बयानों का संयुक्त मूल्यांकन जरूरी है।

अदालत के अनुसार, शारीरिक संबंध साबित नहीं होने के बावजूद दूसरे व्यक्ति से लगातार बातचीत करना, पति की गैरमौजूदगी में उसे घर बुलाना और उसके साथ बाहर जाना जैसी गतिविधियां वैवाहिक जीवन में मानसिक क्रूरता के आकलन के लिए महत्वपूर्ण हो सकती हैं।

इन्हीं परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए हाईकोर्ट ने पति की अपील स्वीकार कर ली और विवाह विच्छेद की डिक्री जारी की।

CG Dastak – हर खबर, सीधा सच!

 

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here