भावुक माहौल में बी.एड. प्रशिक्षु शिक्षकों को दी गई विदाई, न्योता भोज में बच्चों ने उठाया स्वादिष्ट भोजन का आनंद

0

नवापारा राजिम। CG DASTAK 

नवापारा राजिम। पी.एम.श्री हरिहर स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम विद्यालय, गोबरा नवापारा एवं शासकीय हरिहर पूर्व माध्यमिक शाला, नवापारा (राजिम) में चार माह तक अध्यापन कार्य करने वाले बी.एड. प्रशिक्षु शिक्षकों का कार्यकाल पूरा होने पर विदाई समारोह आयोजित किया गया। इस दौरान शिक्षक और विद्यार्थियों के बीच बने आत्मीय रिश्ते ने सभी को भावुक कर दिया। वहीं, प्रशिक्षु शिक्षकों की ओर से आयोजित न्योता भोज में बच्चों के चेहरे खुशी से खिल उठे।

चार माह के अध्यापन कार्य के दौरान प्रशिक्षु शिक्षकों ने विद्यार्थियों को पढ़ाई के साथ खेल, गतिविधियों और विभिन्न अनुभवों के माध्यम से सीखने का अवसर दिया। इस दौरान बच्चों और प्रशिक्षु शिक्षकों के बीच गहरा लगाव बन गया।

विदाई के समय विद्यालय का माहौल भावुक हो गया। बच्चे अपने प्रिय प्रशिक्षु शिक्षकों से बिछड़ने के कारण उदास नजर आए। कई बच्चों ने शिक्षकों का हाथ-पैर पकड़कर उन्हें जाने से रोकने का प्रयास किया। बच्चों के इस निश्छल स्नेह ने प्रशिक्षु शिक्षकों को भी भावुक कर दिया।

इस अवसर पर आंचल साहू, लिलेश्वरी साहू, अंतरा वर्मा, तोशिका साहू, उमा चेलक, मोनिमा चेलक, जय यादव, हिरेन्द्र साहू, स्मित शर्मा और भावेश मिश्रा सहित विद्यालय के सभी बच्चों का स्नेह देखने को मिला। बच्चों ने अपने प्रिय शिक्षकों को पेन, डायरी और गुलदस्ते भेंट कर सम्मानित किया तथा नम आंखों से विदाई दी।

प्रशिक्षु शिक्षकों ने कराया न्योता भोज

विदाई समारोह के अवसर पर बी.एड. प्रशिक्षु शिक्षकों ने विद्यालय परिसर में न्योता भोज का आयोजन किया। इसमें सभी बच्चों को पूरी, चना और जलेबी वितरित की गई। बच्चों ने उत्साह के साथ भोजन का आनंद लिया। इस पहल के माध्यम से प्रशिक्षु शिक्षकों ने बच्चों के साथ अपनी खुशियां साझा कीं।

शिक्षकों ने की प्रशिक्षुओं के कार्यों की सराहना

कार्यक्रम में पी.एम.श्री हरिहर सेजेस के प्राचार्य महेश नेताम सहित लीना देवांगन, कुन्तल देवांगन, सौरभ साहू, भोमेश देवांगन, ओंमकार साहू, चंद्रकांत धनकर, डॉली साहू और अल्फिया बानो उपस्थित रहे। वहीं शासकीय हरिहर पूर्व माध्यमिक शाला के प्रधान पाठक आलोक सिंह ठाकुर, विनोद साहनी, अश्वनी साहू, बी.एल. साहू सहित अन्य शिक्षकगण भी मौजूद रहे।

सभी शिक्षकों ने प्रशिक्षु शिक्षकों के अध्यापन कार्य, समर्पण और विद्यार्थियों के साथ उनके आत्मीय व्यवहार की सराहना की तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

इस दौरान बी.एड. प्रशिक्षु शिक्षकों में दीपक साहू, मनीष कुमार, योगेश, करुणा, वंशिका तिवारी, रजनी एक्का और टिंकल राज राठिया शामिल रहे।

चार माह का अध्यापन सफर भले ही समाप्त हो गया, लेकिन इस दौरान बने रिश्ते और विद्यार्थियों के साथ बिताए गए पल प्रशिक्षु शिक्षकों के लिए यादगार बन गए। यह विदाई समारोह इस बात का उदाहरण बना कि शिक्षा केवल किताबी ज्ञान तक सीमित नहीं, बल्कि शिक्षक और विद्यार्थियों के बीच विश्वास, स्नेह और अपनत्व का रिश्ता भी है।

CG Dastak – हर खबर, सीधा सच!

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here