
महासमुंद। जिले के सिंघोड़ा थाना क्षेत्र के ग्राम छुईपाली में सूने मकान को निशाना बनाकर चोरी करने वाले दो आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से दो एलईडी टीवी, सीसीटीवी डीवीआर, मॉनिटर, सिम राउटर और नकदी सहित कुल 32 हजार 780 रुपये की संपत्ति बरामद की गई है। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, प्रार्थी तुलसीराम धृतलहरे (59 वर्ष), जो सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सरायपाली में खंड विस्तार प्रशिक्षण अधिकारी के पद पर पदस्थ हैं, अपनी पत्नी शांतिबाई धृतलहरे के निधन के बाद परिवार सहित अपने गृह ग्राम गर्रा, जिला बेमेतरा चले गए थे। इस दौरान उनका छुईपाली स्थित मकान सूना था।
पत्नी के दशकर्म कार्यक्रम के बाद 11 नवंबर 2026 को जब वे शाम करीब 4:30 बजे अपने घर छुईपाली पहुंचे, तो मकान के सभी कमरों के ताले टूटे हुए मिले। घर का सामान बिखरा हुआ था और अज्ञात चोर टीवी सहित अन्य इलेक्ट्रॉनिक सामान एवं नकदी चोरी कर ले गए थे। इसके बाद उन्होंने थाना सिंघोड़ा में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने अपराध क्रमांक 138/2026 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
विवेचना के दौरान पुलिस ने संदेह के आधार पर ग्राम छुईपाली निवासी आकाश साव (21 वर्ष) और जोगेश्वर बरिहा (40 वर्ष) को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में दोनों ने चोरी की वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया। आरोपियों ने बताया कि पैसों के लालच में उन्होंने 3 नवंबर 2026 की रात करीब 10 बजे तुलसीराम धृतलहरे के सूने मकान का ताला तोड़कर चोरी की थी।
आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने आकाश साव के घर से 43 इंच और 32 इंच के दो गूगल टीवी तथा नकदी बरामद की। वहीं जोगेश्वर बरिहा के घर से सीसीटीवी डीवीआर और मॉनिटर जब्त किया गया। इसके अलावा आरोपियों के कब्जे से 2,780 रुपये नकद भी बरामद किए गए।
इन सामानों की हुई बरामदगी
पुलिस ने एक 43 इंच गूगल टीवी (10 हजार रुपये), एक 32 इंच गूगल टीवी (8 हजार रुपये), सीसीटीवी डीवीआर (5 हजार रुपये), सिम राउटर (2 हजार रुपये), सीसीटीवी मॉनिटर (5 हजार रुपये) और 2,780 रुपये नकद सहित कुल 32,780 रुपये की संपत्ति बरामद की है।
सिंघोड़ा पुलिस ने दोनों आरोपियों आकाश साव पिता सूरज साव एवं जोगेश्वर बरिहा पिता बिहारीलाल बरिहा, निवासी छुईपाली को 24 नवंबर 2026 को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। सूने मकान में हुई चोरी के मामले में पुलिस की तत्परता से आरोपियों की गिरफ्तारी और चोरी के सामान की बरामदगी की गई।









