
दंतेवाड़ा। CG DASTAK
आयतु राम कर्मा की हत्या का मामला; पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा।
दंतेवाड़ा। जिले में जादू-टोने के शक में एक ग्रामीण की हत्या का मामला सामने आया है। बचेेली थाना क्षेत्र के ग्राम दुगेली के धुरवापारा में 21 नवंबर की रात आयतु राम कर्मा (42) की हत्या कर दी गई। मामले में पुलिस ने दो आरोपियों लच्छू कर्मा (42) और मुड़ा कर्मा (30) को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार, आरोपियों को शक था कि आयतु राम कर्मा जादू-टोना करता है। इसी संदेह के आधार पर दोनों ने लोहे के धारदार बंडे और लकड़ी के पीढ़े से उस पर हमला किया। हमले में आयतु राम के चेहरे, सीने और पीठ पर गंभीर चोटें आईं, जिससे उसकी मौत हो गई। वारदात के बाद दोनों आरोपी मौके से फरार हो गए थे।
ग्रामीणों ने जताया था दोनों पर संदेह
घटना के बाद बचेेली पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103(1), 3(5) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
जांच के दौरान पुलिस ने ग्राम दुगेली के धुरवापारा में ग्रामीणों और गवाहों से पूछताछ की। इस दौरान ग्रामीणों ने लच्छू कर्मा और मुड़ा कर्मा पर हत्या में शामिल होने का संदेह जताया। इसके बाद पुलिस ने दोनों की तलाश शुरू की।
पुलिस ने हथियार किए जब्त
पुलिस ने दोनों आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पुलिस के मुताबिक, पूछताछ के दौरान दोनों ने हत्या करना स्वीकार किया। उनकी निशानदेही पर लोहे का बंडा और घटनास्थल से लकड़ी का पीढ़ा जब्त किया गया।
न्यायिक रिमांड पर भेजे गए आरोपी
पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद पुलिस ने 23 नवंबर को दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर JMFC न्यायालय बचेली में पेश किया। न्यायालय के आदेश पर दोनों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।









