
बिलासपुर। CG DASTAK
बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले के सरकंडा स्थित चांटीडीह में छात्रावास की जमीन पर सड़क चौड़ीकरण को लेकर विवाद सामने आया है। सड़क निर्माण के लिए अनुसूचित जाति बालक एवं बालिका छात्रावास की बाउंड्रीवाल तोड़े जाने और परिसर में जेसीबी से खुदाई किए जाने पर छात्र-छात्राओं ने विरोध जताया है। इस मामले में विद्यार्थियों ने कलेक्टर से शिकायत कर सीमांकन और जांच पूरी होने तक निर्माण कार्य रोकने की मांग की है।
छात्रावास की 0.72 एकड़ जमीन प्रभावित होने का आरोप
छात्र-छात्राओं का आरोप है कि छात्रावास के लिए आवंटित करीब 0.72 एकड़ जमीन सड़क चौड़ीकरण के काम से प्रभावित हो रही है, जबकि सड़क निर्माण के लिए दूसरी तरफ भी जमीन उपलब्ध है।
विद्यार्थियों का कहना है कि छात्रावास परिसर में छोटे बच्चे और छात्राएं रहते हैं। ऐसे में बाउंड्रीवाल तोड़कर सड़क निर्माण और जेसीबी से खुदाई किए जाने से उनकी सुरक्षा व्यवस्था प्रभावित हो सकती है।
सीमांकन और संयुक्त जांच की मांग
छात्र-छात्राओं ने कलेक्टर को दी गई शिकायत में राजस्व रिकॉर्ड के आधार पर जमीन का सीमांकन कराने की मांग की है। उनका कहना है कि प्रशासन संयुक्त जांच कर जमीन की वास्तविक स्थिति स्पष्ट करे।
विद्यार्थियों ने मांग की है कि जांच पूरी होने और जमीन की स्थिति स्पष्ट होने तक निर्माण कार्य पर रोक लगाई जाए, ताकि छात्रावास में रहने वाले बच्चों की सुरक्षा प्रभावित न हो।
साइंस कॉलेज से शनिचरी रपटा तक हो रहा सड़क चौड़ीकरण
दरअसल, चांटीडीह में साइंस कॉलेज के सामने से शनिचरी रपटा तक सड़क चौड़ीकरण का काम चल रहा है। राज्य शासन से स्वीकृति मिलने के बाद यहां नाली निर्माण कराया गया। इसके बाद सड़क की चौड़ाई बढ़ाने के लिए अतिक्रमण और अवैध निर्माण हटाए गए।
इसी काम के दौरान छात्रावास की बाउंड्रीवाल तोड़ी गई है, जिसको लेकर विवाद खड़ा हो गया है।
अधिकारियों का पक्ष- यातायात व्यवस्था सुधारने के लिए हो रहा काम
अधिकारियों का कहना है कि क्षेत्र में यातायात व्यवस्था बेहतर बनाने के उद्देश्य से सड़क चौड़ीकरण किया जा रहा है। इसी परियोजना के तहत छात्रावास की बाउंड्रीवाल तोड़ी गई है।
वहीं छात्र-छात्राएं आवंटित जमीन की वास्तविक स्थिति स्पष्ट होने और सुरक्षा के इंतजाम होने तक निर्माण कार्य रोकने की मांग कर रहे हैं।
अब इस मामले में प्रशासन की जांच और सीमांकन के बाद ही जमीन की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी
CG Dastak – हर खबर, सीधा सच!









