
बिलासपुर। CG DASTAK
बिलासपुर। छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट ने शिक्षक पात्रता परीक्षा (TET)-2022 में 89.907 अंक प्राप्त करने वाली अभ्यर्थी को बड़ा झटका दिया है। कोर्ट ने 89.907 अंकों को राउंड ऑफ कर 90 अंक मानते हुए पास घोषित करने की मांग वाली याचिका खारिज कर दी है। अदालत ने स्पष्ट किया कि परीक्षा के निर्धारित नियमों में राउंड ऑफ करने का प्रावधान नहीं होने पर अंकों को बढ़ाकर पात्रता नहीं दी जा सकती।
क्या है पूरा मामला?
मामला मुंगेली जिले के सेमरसाल की रहने वाली गरिमा पांडेय से जुड़ा है। उन्होंने साल 2022 में आयोजित शिक्षक पात्रता परीक्षा (TET) में हिस्सा लिया था। सामान्य वर्ग के अभ्यर्थियों के लिए परीक्षा में पास होने न्यूनतम 60 प्रतिशत यानी 150 में से 90 अंक हासिल करना जरूरी था।
गरिमा को परीक्षा में 89.907 अंक मिले थे। उनका कहना था कि यदि उनके अंकों को राउंड ऑफ कर 90 मान लिया जाए तो वह परीक्षा पास कर सकती हैं। इसी मांग को लेकर उन्होंने हाईकोर्ट में याचिका दायर की थी।
मॉडल आंसर बदलने पर भी जताई थी आपत्ति
गरिमा ने प्रश्न क्रमांक 145 के उत्तर को लेकर भी आपत्ति जताई थी। सवाल था कि दुनिया का पहला व्यावसायिक कंप्यूटर कौन-सा था? इसके विकल्पों में मैनियाक, एनिएक, यूनिवैक और एडसेक शामिल थे।
याचिका के अनुसार, व्यापमं ने शुरुआती मॉडल आंसर में विकल्प C यानी यूनिवैक को सही माना था, लेकिन अंतिम मॉडल आंसर में इसे बदलकर विकल्प B यानी एनिएक को सही घोषित कर दिया।
अभ्यर्थी का दावा था कि यूनिवैक सही उत्तर है। उन्होंने इस प्रश्न के लिए एक अंक देने और परीक्षा का परिणाम दोबारा जारी करने की मांग की थी।
कोर्ट ने सुप्रीम कोर्ट के फैसलों का हवाला देते हुए कहा कि मॉडल आंसर में बदलाव तभी किया जा सकता है, जब उसमें स्पष्ट गलती साबित हो। केवल किसी दूसरी किताब या शैक्षणिक स्रोत में अलग जानकारी मिलने से अंतिम मॉडल आंसर को गलत नहीं माना जा सकता।
राउंड ऑफ का लाभ देने से भी इनकार
हाईकोर्ट ने राउंड ऑफ के नियम पर भी स्पष्ट रुख अपनाया। सामान्य गणित में दशमलव के बाद 0.5 या उससे अधिक होने पर अगली पूरी संख्या मानी जाती है। इस हिसाब से 89.907 को 90 किया जा सकता है।
हालांकि, अदालत ने कहा कि प्रतियोगी परीक्षाओं में राउंड ऑफ का लाभ तभी दिया जा सकता है, जब संबंधित परीक्षा के नियमों में इसकी अनुमति हो। TET-2022 के नियमों में ऐसा कोई प्रावधान नहीं था।
इसी आधार पर हाईकोर्ट ने गरिमा पांडेय की याचिका खारिज कर दी। इसके साथ ही 89.907 अंकों को 90 मानकर पास घोषित करने और दोबारा परिणाम जारी करने की मांग स्वीकार नहीं की गई।









