
रायपुर। CG DASTAK
रायपुर। छत्तीसगढ़ में करोड़ों रुपये की ठगी और धोखाधड़ी के आरोपों से घिरे दीपक टंडन को रायपुर पुलिस ने मंगलवार को कोर्ट में पेश किया। पेशी के दौरान कोर्ट परिसर में पुलिस बल तैनात रहा। इस दौरान दीपक टंडन हंसता हुआ नजर आया और उसने थम्स-अप का इशारा भी किया।

दीपक टंडन के खिलाफ प्रदेश के अलग-अलग जिलों में ठगी और धोखाधड़ी से जुड़े 8 मामले दर्ज होने की जानकारी सामने आई है। पुलिस ने हाल ही में दर्ज आठवीं FIR में उसे कोर्ट में पेश कर तीन दिन की रिमांड मांगी है। इस मामले में SECL में ठेका दिलाने के नाम पर दो लोगों से 56 लाख रुपये की धोखाधड़ी का आरोप है।
SECL में ठेका दिलाने के नाम पर 56 लाख की ठगी
तेलीबांधा थाना रायपुर में दर्ज शिकायत के मुताबिक, शिकायतकर्ता विकास कुमार नागले और श्याम सिंह ठाकुर ने आरोप लगाया है कि SECL कोरबा में सिक्योरिटी गार्ड की तैनाती और कोल ट्रांसपोर्टिंग का ठेका दिलाने का झांसा दिया गया।

आरोप है कि सिक्योरिटी एजेंसी मैनेजर विकास कुमार नागले से 25 लाख रुपये और एजेंसी संचालक श्याम सिंह ठाकुर से 31 लाख रुपये लिए गए। कुल 56 लाख रुपये लेने के बाद ठेका नहीं मिला। पैसे वापस मांगने पर दिए गए दोनों चेक बैंक में बाउंस हो गए।
होटल पर कब्जा और धमकी देने का आरोप
रायपुर के तेलीबांधा थाने में दर्ज एक अन्य मामले में सरिता वाजपेयी ने शिकायत की है। आरोप है कि VIP रोड स्थित साधना मंडप (होटल वेलकम श्री) की लीज समाप्त होने के बाद भी कब्जा नहीं छोड़ा गया।
शिकायत में नगर निगम की सील तोड़ने, जबरन प्रवेश करने, गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी देने के आरोप लगाए गए हैं। इस मामले में दीपक टंडन की पत्नी बरखा टंडन को भी आरोपी बताया गया है।
जमीन और रेस्टोरेंट बेचने के नाम पर 36 लाख की धोखाधड़ी
शिकायतकर्ता आशीष जायसवाल ने आरोप लगाया कि 16,500 वर्गफीट जमीन और एटमॉस्फेरिया रेस्टोरेंट बेचने का सौदा किया गया था। इस सौदे के नाम पर करीब 36 लाख रुपये लिए गए।
शिकायत के मुताबिक, जमीन दीपक और बरखा के नाम पर नहीं थी। इस मामले में भी बरखा टंडन आरोपी बताई गई हैं।
फॉर्च्यूनर बेचने के नाम पर 20 लाख की ठगी
एक अन्य शिकायत में वर्ष 2023 मॉडल की फॉर्च्यूनर लीजेंडर बेचने का सौदा करने का आरोप है। शिकायतकर्ता के मुताबिक, गाड़ी देने के नाम पर 20 लाख रुपये लिए गए, लेकिन वाहन नहीं दिया गया और रकम भी वापस नहीं की गई। इस मामले में अलग FIR दर्ज होने की जानकारी दी गई है।
सरकारी कोयला टेंडर दिलाने के नाम पर 15 लाख लेने का आरोप
सक्ती के सिटी कोतवाली में किशन शर्मा की शिकायत पर एक मामला दर्ज है। आरोप है कि मार्च 2022 में बड़े अधिकारियों से पहचान बताकर सरकारी कोयला टेंडर दिलाने का भरोसा दिया गया और इसके लिए 15 लाख रुपये लिए गए। रकम की गारंटी के तौर पर बंद बैंक खाते का चेक दिए जाने की बात भी शिकायत में कही गई है।
AI से आपत्तिजनक फोटो-वीडियो बनाकर वायरल करने का आरोप
बिलासपुर में एक मीडियाकर्मी की शिकायत पर AI की मदद से आपत्तिजनक फोटो और वीडियो तैयार कर न्यूज पोर्टल तथा सोशल मीडिया पर प्रसारित करने का आरोप लगाया गया था। शिकायत में ब्लैकमेलिंग और भ्रामक सामग्री फैलाने के आरोप भी लगाए गए। इसी मामले में बिलासपुर पुलिस ने दीपक टंडन को गिरफ्तार किया था।
8 जिलों में दर्ज हैं मामले
दीपक टंडन और उसकी पत्नी के खिलाफ रायपुर, बिलासपुर, सक्ती और कोरबा सहित प्रदेश के अलग-अलग जिलों में ठगी और धोखाधड़ी से संबंधित शिकायतें एवं मामले दर्ज होने की जानकारी सामने आई है।

पुलिस इन मामलों से जुड़े तथ्यों और शिकायतों की जांच कर रही है। अब आठवीं FIR में कोर्ट से तीन दिन की रिमांड मिलने पर पुलिस पूछताछ के जरिए कथित लेनदेन और अन्य मामलों की कड़ियां जोड़ने का प्रयास करेगी।
CG Dastak – हर खबर, सीधा सच!









