
सरायपाली। सिख धर्म के प्रथम गुरु एवं मानवता, प्रेम, भाईचारे और समानता का संदेश देने वाले श्री गुरु नानक देव जी के 557वें प्रकाश पर्व को लेकर सरायपाली में धार्मिक उत्साह और श्रद्धा का माहौल देखने को मिल रहा है। प्रकाश पर्व के उपलक्ष्य में सिक्ख समाज सरायपाली द्वारा प्रतिदिन सुबह भव्य प्रभात फेरी निकाली जा रही है, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु एवं साध-संगत पूरे उत्साह और श्रद्धाभाव के साथ शामिल हो रहे हैं।

इस संबंध में सिक्ख समाज सरायपाली के अध्यक्ष श्री स्वर्ण सिंह सलूजा ने जानकारी देते हुए बताया कि गुरु नानक देव जी के 557वें प्रकाश पर्व के आयोजन की शुरुआत 10 नवंबर से प्रभात फेरी के साथ की गई है। यह प्रभात फेरी प्रतिदिन सुबह निकाली जा रही है, जो गुरु नानक जयंती तक जारी रहेगी। प्रभात फेरी के दौरान श्रद्धालु गुरुवाणी एवं भजन-कीर्तन के माध्यम से गुरु नानक देव जी के बताए मार्ग पर चलने का संदेश दे रहे हैं। पूरे क्षेत्र में धार्मिक वातावरण बना हुआ है तथा समाज के महिला, पुरुष एवं युवा वर्ग की सक्रिय सहभागिता देखने को मिल रही है

उन्होंने बताया कि प्रकाश पर्व के कार्यक्रमों की श्रृंखला में स्थानीय गुरुद्वारा साहिब में अखंड श्री गुरु ग्रंथ साहिब जी का पाठ भी प्रारंभ किया गया है, जो आगामी 24 नवंबर तक जारी रहेगा। इस दौरान श्रद्धालु गुरुद्वारा पहुंचकर मत्था टेकेंगे तथा गुरु महाराज का आशीर्वाद प्राप्त करेंगे।
*26 नवंबर को होंगे विशेष धार्मिक आयोजन*
प्रकाश पर्व के मुख्य कार्यक्रम 26 नवंबर को श्रद्धा एवं उल्लास के साथ आयोजित किए जाएंगे। कार्यक्रम के तहत सुबह 11 बजे से संगत द्वारा गुरुवाणी कीर्तन किया जाएगा। कीर्तन के माध्यम से गुरु नानक देव जी की शिक्षाओं, मानव सेवा, सद्भावना और एकता के संदेश को जन-जन तक पहुंचाया जाएगा।
इसके पश्चात दोपहर में गुरुद्वारा साहिब में गुरु का अटूट लंगर आयोजित किया जाएगा, जिसमें सभी श्रद्धालु एवं नगरवासी एक साथ बैठकर प्रसाद ग्रहण करेंगे। सिख परंपरा में लंगर सेवा समानता, सेवा भावना और भाईचारे का प्रतीक मानी जाती है।
*पंच प्यारों की अगुवाई में निकलेगी भव्य शोभायात्रा*
कार्यक्रम का विशेष आकर्षण 26 नवंबर को शाम 4 बजे निकलने वाली भव्य शोभायात्रा होगी। यह शोभायात्रा पंच प्यारों की अगुवाई में श्री गुरु ग्रंथ साहिब जी की गरिमामयी उपस्थिति में निकाली जाएगी। शोभायात्रा में बड़ी संख्या में सिक्ख समाज के सदस्य एवं साध-संगत शामिल होंगे। इस दौरान श्रद्धालु गुरु महाराज के प्रति अपनी श्रद्धा प्रकट करेंगे।
सिक्ख समाज सरायपाली द्वारा प्रकाश पर्व को लेकर तैयारियां की जा रही हैं। समाज के पदाधिकारियों ने समस्त साध-संगत एवं नगरवासियों से इन धार्मिक आयोजनों में शामिल होकर गुरु नानक देव जी के प्रकाश पर्व की खुशियां साझा करने तथा उनके बताए सत्य, सेवा, समानता और मानवता के मार्ग पर चलने का संदेश आत्मसात करने की अपील की है।









