दुर्ग में PG विवाद के बाद युवक की मौत, चाकू से हमला करने का आरोप; दो युवक हिरासत में

0

दुर्ग। CG DASTAK 

दुर्ग। छत्तीसगढ़ के दुर्ग में सोमवार-मंगलवार की दरमियानी रात सिगरेट मांगने को लेकर शुरू हुआ विवाद गंभीर रूप ले लिया। विवाद के बाद एक युवक पर चाकू से हमला किए जाने का मामला सामने आया है। गंभीर रूप से घायल युवक को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

पुलिस ने मामले में दो युवकों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। घटना मोहन नगर थाना क्षेत्र के हरिनगर की बताई जा रही है।

सिगरेट मांगने को लेकर शुरू हुआ विवाद

मिली जानकारी के मुताबिक मृतक युवक की पहचान चिचेश सहारे (26) के रूप में बताई गई है। वह कवर्धा का रहने वाला था और दुर्ग में परीक्षा देने आया था।

बताया गया है कि चिचेश अपने दोस्त रवि के PG रूम में महिला मित्र और उसकी बहन के साथ पहुंचा था। इसी दौरान PG में रहने वाले वैभव मानकर और राजकुमार यादव से सिगरेट मांगने को लेकर विवाद हो गया।

विवाद बढ़ने के बाद दोनों पक्षों के बीच कहासुनी और मारपीट की स्थिति बन गई।

महिला मित्र को लेकर भी विवाद की जांच

पुलिस जांच में यह बात भी सामने आई है कि दोनों युवकों की महिला मित्र के साथ कथित तौर पर बदतमीजी को लेकर भी विवाद हुआ था। इसके बाद मामला और बढ़ गया।

आरोप है कि विवाद के दौरान दोनों युवकों ने चिचेश के साथ मारपीट की और उस पर चाकू से हमला कर दिया। चाकू के वार उसके पैर और जांघ के हिस्से में लगने की बात सामने आई है।

घायल चिचेश को आसपास मौजूद लोगों और युवकों ने अस्पताल पहुंचाया, लेकिन अस्पताल पहुंचने से पहले ही उसकी हालत बिगड़ गई। डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।

पुलिस ने दोनों युवकों को हिरासत में लिया

घटना की सूचना मिलते ही मोहन नगर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। पुलिस ने PG में मौजूद लोगों और प्रत्यक्षदर्शियों से पूछताछ की है।

पुलिस ने वैभव मानकर (23) और राजकुमार यादव को हिरासत में लिया है। दोनों से पूछताछ की जा रही है। पुलिस के मुताबिक पूछताछ में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

महिला मित्र से कथित बदतमीजी और उसके बाद हुए विवाद के पूरे घटनाक्रम की भी जांच की जा रही है।

पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा जाएगा

युवक के शव को जिला अस्पताल दुर्ग की मर्च्युरी में रखा गया है। पोस्टमार्टम की प्रक्रिया के बाद शव परिजनों को सौंपे जाने की बात सामने आई है।

पुलिस ने मामले में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। घटना के पीछे वास्तविक विवाद क्या था, चाकू किसने चलाया और घटना के दौरान कौन-कौन मौजूद था—इन सभी बिंदुओं पर पुलिस जांच कर रही है।

पुलिस जांच के बाद तस्वीर होगी साफ

फिलहाल पुलिस की पूछताछ और जांच जारी है। घटना से जुड़े आरोपों की पुष्टि जांच और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर होगी।

CG Dastak की अपील: ऐसी घटनाओं से जुड़ी जानकारी साझा करते समय अपुष्ट दावों और सोशल मीडिया पर चल रही अफवाहों से बचें। मामले में अंतिम निष्कर्ष पुलिस जांच और न्यायिक प्रक्रिया के बाद ही स्पष्ट होगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here