ऑपरेशन निश्चय: रेहटीखोल चेक पोस्ट पर 35.190 किलो गांजा के साथ तीन तस्कर गिरफ्तार

0

महासमुंद पुलिस ने अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे ऑपरेशन निश्चय के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए अंतरराज्यीय चेक पोस्ट रेहटीखोल (NH-53) पर तीन गांजा तस्करों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 35.190 किलोग्राम गांजा, जिसकी अनुमानित कीमत 17 लाख 56 हजार रुपये बताई गई है, बरामद किया गया। इसके अलावा तीन मोबाइल फोन भी जब्त किए गए हैं। पुलिस के अनुसार कुल जब्त संपत्ति की कीमत 17 लाख 81 हजार रुपये है।

पुलिस के मुताबिक, रेहटीखोल जांच नाका पर वाहन चेकिंग के दौरान मुखबिर से सूचना मिली थी कि तीन युवक पिट्ठू बैग और हाथ में बैग लेकर ओडिशा से छत्तीसगढ़ की सीमा की ओर पैदल आ रहे हैं और उनके पास गांजा है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम को अलर्ट किया गया और संदिग्धों की निगरानी शुरू की गई। कुछ ही देर बाद तीन युवक बताए गए हुलिए के अनुसार आते दिखाई दिए, जिन्हें घेराबंदी कर पकड़ लिया गया।

पूछताछ में आरोपियों ने अपनी पहचान विजय मलिक (26), नासिर अली (20) और सागर उर्फ आकाश बेहरा (20) के रूप में बताई। पुलिस के अनुसार, पूछताछ के दौरान तीनों ने गांजा फूलबानी, जिला कंधमाल (ओडिशा) से लाकर रायपुर (छत्तीसगढ़) में बेचने के लिए ले जाने की बात बताई।

चारों बैग की तलाशी लेने पर कुल 35.190 किलो गांजा बरामद हुआ। इसके साथ ही तीन मोबाइल फोन भी जब्त किए गए। आरोपियों के खिलाफ धारा 20(B)ii(C), NDPS एक्ट के तहत अपराध दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार किया गया है। मामले में आगे की विवेचना थाना सिंघोड़ा पुलिस द्वारा की जा रही है।

गिरफ्तार आरोपी

विजय मलिक, उम्र 26 वर्ष, जिला कटक, ओडिशा

नासिर अली, उम्र 20 वर्ष, जिला केंदुझर, ओडिशा

सागर उर्फ आकाश बेहरा, उम्र 20 वर्ष, जिला कटक, ओडिशा

जब्त सामग्री

35.190 किलो गांजा — कीमत ₹17,56,000

3 मोबाइल फोन — कीमत ₹25,000

कुल जब्ती — ₹17,81,000

कार्रवाई: एंटी नारकोटिक टास्क फोर्स एवं थाना सिंघोड़ा पुलिस, महासमुंद।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here