
कांकेर/चारामा, CG DASTAK
चोरी का सामान बेचने की फिराक में चारामा पहुंचे थे आरोपी, सोने-चांदी के आभूषण, मोबाइल और नकदी समेत चोरी का 100% सामान बरामद
कांकेर/चारामा, 10 सितंबर 2026। उत्तर बस्तर कांकेर जिले के चारामा थाना क्षेत्र में सूने मकान का ताला तोड़कर चोरी करने के मामले में पुलिस ने एक महिला और एक पुरुष समेत दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक दोनों आरोपी चोरी किए गए सोने-चांदी के आभूषण और अन्य सामान को बेचने की फिराक में चारामा पहुंचे थे। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही और कब्जे से सोने-चांदी के आभूषण, दो मोबाइल फोन और नकदी समेत करीब 5 लाख रुपए का माल बरामद किया है।
पुलिस के अनुसार इस कार्रवाई में चोरी गए सामान की शत-प्रतिशत बरामदगी सुनिश्चित की गई है।
रिश्तेदार के घर गया था परिवार, पीछे से हो गई चोरी
पुलिस के मुताबिक ग्राम रतेसरा निवासी प्रार्थी 6 सितंबर 2026 को अपने परिवार के साथ रिश्तेदार के घर बरपारा रतेसरा गया था। शाम करीब 7:30 बजे जब परिवार वापस लौटा तो घर के सामने वाले दरवाजे का ताला टूटा हुआ मिला और दरवाजा खुला था।
घर के अंदर जाकर जांच करने पर आलमारी में रखे सोने-चांदी के आभूषण, मोबाइल फोन और नकदी गायब मिले। चोरी गए सामान की अनुमानित कीमत करीब ₹2.30 लाख बताई गई थी।
शिकायत के आधार पर थाना चारामा में अपराध क्रमांक 185/2026, धारा 305(ए), 331(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
चोरी का सामान बेचने पहुंचे थे चारामा
मामले की जांच के दौरान पुलिस टीम चोरी गए सामान और आरोपियों की लगातार तलाश कर रही थी। इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि एक महिला और पुरुष संदिग्ध रूप से चारामा क्षेत्र में सोने-चांदी के सामान को बेचने का प्रयास कर रहे हैं।

सूचना के आधार पर चारामा पुलिस ने दोनों संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पुलिस के अनुसार पूछताछ में उनकी पहचान कैलाश कावड़े (30), निवासी करलखा मुरियापारा, नारायणपुर और जगिता सलाम (29), निवासी कुरिष्ठिकुर, थाना कोरर, जिला कांकेर, हाल ग्राम दरगहन, चारामा के रूप में हुई।
पूछताछ में चोरी करना स्वीकार करने का पुलिस का दावा
पुलिस के मुताबिक पूछताछ में दोनों आरोपियों ने ग्राम रतेसरा स्थित सूने मकान का ताला तोड़कर चोरी करना स्वीकार किया। आरोपियों ने कथित तौर पर बताया कि चोरी किए गए सामान को बेचने के उद्देश्य से वे चारामा पहुंचे थे।
इसके बाद पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही और कब्जे से चोरी का सामान बरामद किया। दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष पेश किया गया।
सोने-चांदी के जेवर और मोबाइल बरामद
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से निम्न सामान बरामद किया है—
चांदी का करधन – 1 नग
चांदी की पायजेब – 1 जोड़ी
सोने का गुलबंद हार – 1 नग
सोने का मंगलसूत्र – 1 नग
सोने की ईयर रिंग – 1 जोड़ी
सोने की कान की चेन – 1 जोड़ी
मोबाइल फोन – 2 नग
नकदी – ₹3,200
पुलिस के अनुसार बरामद मशरूका की अनुमानित कीमत करीब ₹5 लाख है और प्रकरण में चोरी गए सामान की 100 प्रतिशत बरामदगी की गई है।
एसपी के निर्देशन में पुलिस की कार्रवाई
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक कांकेर निखिल राखेचा के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक योगेश साहू और अनुविभागीय अधिकारी पुलिस कांकेर हरिश पाटिल के पर्यवेक्षण में थाना चारामा पुलिस द्वारा की गई।
कार्रवाई में निरीक्षक सुरेश कुमार राठौर, उनि सोनराज सूर्यवंशी, सउनि सागर निषाद, म.प्र.आर. 791 ज्योति मिश्रा, आरक्षक मुनाफ यादव, आरक्षक हिरामन यादव और म.आर. रामिन दर्रो की भूमिका रही।
पुलिस की अपील
कांकेर पुलिस ने आम लोगों से संदिग्ध व्यक्ति, गतिविधि या किसी भी आपराधिक गतिविधि की जानकारी पुलिस को देने की अपील की है। पुलिस ने इसके लिए 9479155125 हेल्पलाइन नंबर जारी किया है। पुलिस के अनुसार सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान गोपनीय रखी जाएगी।









