बिलासपुर में जूड़ियो शोरूम में चोरी का खुलासा, दो आरोपी गिरफ्तार; 4.83 लाख रुपए बरामद

0

बिलासपुर। CG DASTAK 

बेसमेंट के कांच के गेट का लॉक तोड़कर अंदर घुसे थे आरोपी, कैश ऑफिस से सेफ ले जाने का आरोप

बिलासपुर। शहर के श्रीकांत वर्मा मार्ग स्थित जूड़ियो शोरूम में हुई चोरी के मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी की सेफ और 4 लाख 83 हजार रुपए की नकदी बरामद करने का दावा किया है। मामला सिविल लाइन थाना क्षेत्र का है।

पुलिस के मुताबिक आरोपियों ने शोरूम के बेसमेंट में बने कांच के गेट का लॉक तोड़कर अंदर प्रवेश किया था। इसके बाद कैश ऑफिस तक पहुंचकर वहां रखी सेफ को उठाकर ले गए। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार सेफ में दो दिन की बिक्री की रकम रखी हुई थी।

कांच का गेट तोड़कर शोरूम में घुसे

शोरूम संचालक ने घटना की जानकारी पुलिस को देते हुए बताया था कि बेसमेंट में लगे कांच के गेट का लॉक टूटा हुआ मिला। अंदर जाकर जांच करने पर पता चला कि कैश ऑफिस में रखी सेफ गायब है।

पुलिस के अनुसार चोरी की शिकायत घटना के करीब एक सप्ताह पहले दर्ज कराई गई थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी रजनेश सिंह ने टीआई को मामले की बारीकी से जांच कर आरोपियों की तलाश के निर्देश दिए। इसके बाद पुलिस टीम ने संदिग्धों की तलाश शुरू की

CCTV फुटेज से मिला सुराग

जांच के दौरान पुलिस ने जूड़ियो स्टोर में लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज में कुछ संदिग्ध नजर आए, जिसके आधार पर पुलिस ने उनकी तलाश शुरू की।

इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि कस्तूरबा नगर क्षेत्र में दो संदिग्ध जूड़ियो स्टोर में हुई चोरी के सामान को लेकर आपस में बातचीत कर रहे हैं। सूचना पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और दोनों संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की।

पूछताछ में चोरी की बात कबूलने का दावा

पुलिस के मुताबिक पूछताछ में दोनों आरोपियों ने जूड़ियो स्टोर में चोरी करना स्वीकार किया। इसके बाद पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर लिया।

मामले में गिरफ्तार आरोपियों की पहचान रमेश सिंह (40), निवासी सिंधी कॉलोनी, कस्तूरबा नगर और पुष्पेंद्र यादव (45), निवासी डीपी विप्र कॉलेज के पीछे, टिकरापारा के रूप में बताई गई है। पुलिस ने इनके कब्जे से चोरी की सेफ और 4 लाख 83 हजार रुपए की पूरी रकम बरामद करने की जानकारी दी है।

पुलिस अब मामले में आरोपियों के आपराधिक रिकॉर्ड और चोरी की घटना में उनकी भूमिका से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here