
रायपुर। CG DASTAK
रायपुर। गणेशोत्सव को देखते हुए रायपुर नगर निगम ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी सिलसिले में अपर आयुक्त ने जोन-8 क्षेत्र का निरीक्षण कर गणेश प्रतिमाओं के विसर्जन कुंड और विभिन्न विकास कार्यों की स्थिति का जायजा लिया। अधिकारियों को गणेशोत्सव से पहले विसर्जन कुंड को पूरी तरह तैयार करने के निर्देश दिए गए हैं।

विसर्जन कुंड की तैयारियों पर विशेष जोर
निरीक्षण के दौरान अपर आयुक्त ने जोन-8 कमिश्नर राजेश्वरी पटेल और कार्यपालन अभियंता अतुल चौपड़ा को निर्देश दिए कि गणेशोत्सव शुरू होने से पहले विसर्जन कुंड पूरी तरह तैयार हो जाना चाहिए। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को काम की लगातार मॉनिटरिंग करने के निर्देश भी दिए।

अधिकारियों ने विसर्जन स्थल की व्यवस्थाओं का निरीक्षण करते हुए आवश्यक तैयारियों को समय पर पूरा करने पर जोर दिया।
वार्ड 2, 20 और 70 में विकास कार्यों का जायजा
निरीक्षण के दौरान जोन-8 क्षेत्र के वार्ड क्रमांक 2, 20 और 70 में चल रहे विभिन्न निर्माण एवं विकास कार्यों की स्थिति भी देखी गई।
वार्ड-2 के अटल आवास परिसर सहित अन्य स्थानों पर चल रहे कार्यों का निरीक्षण किया गया। इसके बाद सरोना के वार्ड-70 और कोटा क्षेत्र के वार्ड-20 में विकास कार्यों की प्रगति देखी गई।
अपर आयुक्त ने निर्माण कार्यों की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने और स्वीकृति के मुताबिक काम जल्द पूरा करने के निर्देश दिए।
देरी पर ठेकेदारों पर होगी कार्रवाई
अपर आयुक्त ने कहा कि कई स्थानों पर कार्यादेश जारी होने के बाद भी काम की गति धीमी है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को ऐसे ठेकेदारों की जानकारी लेकर नियमानुसार कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
उन्होंने स्पष्ट किया कि विकास कार्यों में अनावश्यक देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी कार्य तय समयसीमा में गुणवत्ता के साथ पूरे किए जाने चाहिए।
10 जोन में गणेश पंडालों की अनुमति प्रक्रिया
गणेशोत्सव को लेकर रायपुर शहर में गणेश पंडाल लगाने की तैयारियां भी शुरू हो गई हैं। नगर निगम के 10 जोन में अब तक 100 से अधिक समितियों ने पंडाल लगाने की अनुमति के लिए आवेदन जमा किए हैं। आने वाले दिनों में आवेदनों की संख्या और बढ़ने की संभावना है।
पंडाल लगाने के लिए समितियों को संबंधित विभागों से NOC लेना जरूरी होगा। आवेदन के साथ एसडीएम/राजस्व, पुलिस, होमगार्ड और फायर ब्रिगेड की NOC के साथ बिजली विभाग की अनुमति भी आवश्यक होगी।
नगर निगम आयुक्त ने सभी 10 जोन कमिश्नरों को पंडालों से जुड़े आवेदनों की प्रक्रिया पूरी कराने की जिम्मेदारी दी है। समितियों को गणेशोत्सव शुरू होने से पहले आवश्यक अनुमति और NOC की प्रक्रिया पूरी करनी होगी।









