दिल्ली PG हादसे में दुर्ग के युवराज की मौत: छुट्टियों के बाद 3 दिन पहले ही लौटा था दिल्ली, 5 मंजिला इमारत गिरने से गई जान

0

दुर्ग/दिल्ली। CG DASTAK 

दुर्ग/दिल्ली। दिल्ली के सत्य निकेतन इलाके में रविवार को हुए दर्दनाक हादसे में छत्तीसगढ़ के दुर्ग निवासी 20 वर्षीय युवराज सोनी की मौत हो गई। युवराज दिल्ली विश्वविद्यालय के मोतीलाल नेहरू कॉलेज में बी.कॉम सेकंड ईयर का छात्र था और दिल्ली में PG में रहकर पढ़ाई कर रहा था।

जानकारी के मुताबिक सत्य निकेतन इलाके में रविवार दोपहर करीब 1:30 बजे पांच मंजिला इमारत अचानक गिर गई। हादसे के बाद मलबे में कई लोगों के दबे होने की आशंका जताई गई। स्थानीय लोगों और प्रशासन की टीम ने तुरंत रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। शुरुआत में मलबा हाथों से हटाया गया, जिसके बाद राहत एवं बचाव कार्य के लिए मशीनें भी मौके पर पहुंचीं।

छुट्टियां खत्म होने से 3 दिन पहले ही दिल्ली लौटा था युवराज

युवराज दुर्ग का रहने वाला था और पढ़ाई के सिलसिले में दिल्ली में रह रहा था। उसके परिचित आदित्य के मुताबिक कॉलेज में छुट्टियां चल रही थीं, इसलिए युवराज पिछले महीने से दुर्ग स्थित अपने घर पर था। छुट्टियां खत्म होने के बाद वह करीब 3 दिन पहले ही दिल्ली वापस लौटा था।

हादसे की खबर मिलते ही युवराज के परिजन दुर्ग से दिल्ली के लिए रवाना हो गए। युवराज की मौत की खबर सामने आने के बाद उसके दोस्तों और परिचितों में भी शोक की लहर है।

रेस्क्यू ऑपरेशन जारी, हादसे की जांच शुरू

इमारत गिरने के बाद प्रशासन और स्थानीय लोग राहत एवं बचाव कार्य में जुट गए। हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि इमारत के निर्माण और सुरक्षा मानकों में किसी तरह की लापरवाही हुई थी या नहीं।

दिल्ली के इस हादसे ने एक बार फिर पुरानी और जर्जर इमारतों में सुरक्षा व्यवस्था तथा निर्माण नियमों के पालन को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here