दुर्ग में रक्षाबंधन की रात युवक की हत्या: गाली-गलौज के विवाद में चाकू-पत्थर से हमला, दोस्तों के सामने तड़पता रहा युवक

0

दुर्ग। CG DASTAK 

दुर्ग। रक्षाबंधन की रात दुर्ग में गाली-गलौज को लेकर शुरू हुआ विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र में चंडी मंदिर-नयापारा रोड पर कुछ युवकों के बीच हुए विवाद के दौरान एक युवक पर चाकू और पत्थर से हमला कर दिया गया। गंभीर रूप से घायल युवक को उसके दोस्त ई-रिक्शा से जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।

रास्ते में हुआ विवाद, देखते ही देखते बढ़ा मामला

जानकारी के मुताबिक, धन्ना चौधरी अपने दो दोस्तों के साथ खाना खाने के बाद घर लौट रहा था। तीनों चंडी मंदिर नयापारा रोड से गुजर रहे थे। इसी दौरान रास्ते में कुछ युवकों से उनकी गाली-गलौज को लेकर बहस हो गई।

देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और दोनों पक्षों के बीच झड़प शुरू हो गई। आरोप है कि इसी दौरान आरोपियों ने धन्ना चौधरी पर चाकू से हमला किया और बाद में पत्थर से भी वार किया।

चाकू देखकर पीछे हटे दोस्त

हमले में धन्ना गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़ा। उसके दोनों दोस्तों ने उसे बचाने की कोशिश की, लेकिन आरोपियों के हाथ में धारदार चाकू देखकर वे पीछे हट गए। कुछ देर बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।

घायल युवक को उसके दोस्तों ने किसी तरह ई-रिक्शा से दुर्ग जिला अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल में डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची

घटना की सूचना मिलते ही सिटी कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर मर्ग कायम किया और घटनास्थल की जांच शुरू कर दी। आसपास के लोगों से भी घटना को लेकर पूछताछ की गई।

पुलिस ने मामले में हत्या से जुड़े आरोपियों को पकड़ लिया है और उनसे पूछताछ की जा रही है। पुलिस विवाद की वास्तविक वजह और हमले के पीछे आरोपियों की मंशा का पता लगाने में जुटी है।

रक्षाबंधन की रात हुई वारदात से इलाके में हड़कंप

रक्षाबंधन जैसे पर्व की रात हुई इस वारदात से इलाके में सनसनी फैल गई। मामूली कहासुनी और गाली-गलौज का विवाद इतना बढ़ गया कि एक युवक की जान चली गई। पुलिस अब पूरे घटनाक्रम की कड़ियां जोड़ने और मामले में शामिल सभी आरोपियों की भूमिका की जांच कर रही है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here