ट्रक से डीजल चोरी कर ढाबे में बेच रहे थे, बेमेतरा में 3 आरोपी गिरफ्तार; 29 लीटर डीजल बरामद

0

बेमेतरा। CG DASTAK 

बेमेतरा। जिले के नांदघाट थाना क्षेत्र में ट्रक से डीजल चोरी कर ढाबे में बेचने के मामले का पुलिस ने खुलासा किया है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 3 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से करीब 29 लीटर डीजल, एक पाइप, 3 हजार रुपए नकद और संबंधित ट्रक बरामद किया गया है। मामले में एक अन्य आरोपी की तलाश जारी है।

ढाबे में चोरी का डीजल बेचने की मिली थी सूचना

पुलिस के अनुसार 27 अगस्त को सूचना मिली थी कि खैरा स्थित किसान ढाबे में एक ट्रक चालक अपने वाहन से डीजल निकालकर चोरी-छिपे बेच रहा है। सूचना के आधार पर नांदघाट पुलिस ने ट्रक क्रमांक CG 07 CA 7936 के चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

ट्रक चालक ने कबूली डीजल चोरी

जांच के दौरान ट्रक चालक भुवनेश्वर साहू (30), निवासी कुंरा थाना मुंगेली से पूछताछ की गई। पुलिस के मुताबिक पूछताछ में उसने ट्रक से डीजल चोरी कर बेचने की बात स्वीकार की। उसके कब्जे से डीजल बेचकर मिले 3 हजार रुपए नकद और संबंधित ट्रक को जब्त किया गया।

चोरी का डीजल खरीदने वाले दो आरोपी भी गिरफ्तार

पुलिस ने चोरी का डीजल खरीदने के आरोप में शत्रुहन बारले (40) और आकाश वर्मा (20) को भी गिरफ्तार किया। दोनों के कब्जे से दो सफेद जरकिन में रखा करीब 29 लीटर डीजल और एक पाइप बरामद किया गया।

पुलिस ने मामले में कुल 3 आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।

एक आरोपी की तलाश जारी

पुलिस के अनुसार मामले में एक अन्य आरोपी के भी शामिल होने की जानकारी सामने आई है, जो फिलहाल फरार है। उसकी तलाश की जा रही है। पुलिस पूरे मामले में डीजल चोरी और उसकी खरीद-फरोख्त से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here