
चिरिमिरी। CG DASTAK
चिरिमिरी। नगर में बंदरों का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है। बंदरों के झुंड अब घरों में घुसकर लोगों पर हमला करने लगे हैं। ऐसी ही एक घटना में कालरी कर्मचारी पवनसुत पर बंदरों के झुंड ने उस समय हमला कर दिया, जब वे अपने घर में नहा रहे थे।

अचानक हुए हमले में पवनसुत गंभीर रूप से घायल हो गए। परिजनों ने उन्हें उपचार के लिए बिलासपुर के संजीवनी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां वे पिछले 27 दिनों से उपचाररत हैं।
घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है। स्थानीय लोगों का कहना है कि चिरिमिरी के कई इलाकों में बंदरों की संख्या लगातार बढ़ रही है। बंदर घरों में घुसकर खाद्य सामग्री ले जाने के साथ लोगों पर हमला भी कर रहे हैं।

स्थानीय लोगों ने वन विभाग और प्रशासन से बंदरों के आतंक से निजात दिलाने के लिए ठोस और प्रभावी कार्रवाई की मांग की है। लोगों का कहना है कि किसी बड़ी दुर्घटना का इंतजार करने के बजाय जिम्मेदार विभाग को समय रहते बंदरों को नियंत्रित करने के लिए कदम उठाने चाहिए।
27 दिनों से अस्पताल में भर्ती कालरी कर्मचारी की घटना ने एक बार फिर चिरिमिरी में बढ़ते बंदर आतंक और वन विभाग की कार्रवाई पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
पत्रकार अशोक कुमार









