31 फीट की विशाल कांवड़ और 25 हजार रुद्राक्ष से बने चार भाव शिवलिंग रहे आकर्षण का केंद्र

0

सरायपाली। सावन माह के चौथे सोमवार, 24 अगस्त को सरायपाली में सरसीवा रोड कांवड़िया संघ के तत्वावधान में 18वीं विशाल कांवड़ यात्रा श्रद्धा और उत्साह के साथ निकाली गई। इस दौरान 31 फीट की विशाल कांवड़ तथा लगभग 25 हजार रुद्राक्ष से तैयार किए गए चार भाव शिवलिंग की भव्य झांकी विशेष आकर्षण का केंद्र रही। यात्रा में सैकड़ों कांवड़ियों के साथ बड़ी संख्या में महिलाएं, बच्चे और नगरवासी शामिल हुए।

संघ के सदस्य राजेश अग्रवाल ने बताया कि सावन माह के पहले दिन से ही समिति के सदस्यों ने सरायपाली नगर को भगवा रंग के झंडों से सजाकर शिवमय वातावरण तैयार कर दिया था। इसी दिन से समिति के सदस्य भव्य कांवड़ यात्रा की तैयारियों में जुट गए थे। यात्रा को लेकर श्रद्धालुओं में पूरे सावन माह उत्साह बना रहा।

बगाईजोर नाला से शुरू हुई कांवड़ यात्रा

कांवड़ यात्रा बगाईजोर नाला से प्रारंभ हुई। कांवड़ियों की यात्रा  बालसी और पतरापाली होते हुए सरायपाली नगर पहुंचा। इसके बाद नगर के विभिन्न मार्गों से यात्रा निकाली गई और श्रद्धालु भगवान शिव के जयकारे लगाते हुए धर्मशाला रोड स्थित शिव मंदिर पहुंचे। मंदिर में कांवड़ में लाए गए पवित्र जल से भगवान शिव का अभिषेक किया गया तथा पूजा-अर्चना की गई।

25 हजार रुद्राक्ष से बनी झांकी बनी आकर्षण 

इस वर्ष कांवड़ यात्रा में लगभग 25 हजार रुद्राक्ष से तैयार किए गए चार भाव शिवलिंगों की झांकी श्रद्धालुओं के लिए विशेष आकर्षण रही। विशाल कांवड़ और धार्मिक झांकी को देखने के लिए रास्ते भर लोगों की भीड़ दिखाई दी। झांकी ने लोगों का ध्यान आकर्षित किया और श्रद्धालुओं ने इसकी जमकर सराहना की।

जगह-जगह हुआ कांवड़ियों का स्वागत

कांवड़ यात्रा के मार्ग में शिव भक्तों द्वारा जगह-जगह कांवड़ियों के लिए जलपान एवं अन्य व्यवस्थाएं की गईं। श्रद्धालुओं ने कांवड़ियों का स्वागत कर सेवा की। पूरे यात्रा मार्ग में भगवान भोलेनाथ के जयकारों से वातावरण भक्तिमय बना रहा।

विधायक चातुरी नंद और सरला कोसरिया सहित गणमान्य नागरिक हुए शामिल

कांवड़ यात्रा में सैकड़ों कांवड़ियों के साथ महिलाएं, बच्चे और बड़ी संख्या में सरायपाली वासी शामिल हुए। सरायपाली विधायक श्रीमती चातुरी नंद, महिला आयोग की सदस्य श्रीमती सरला कोसरिया सहित अनेक गणमान्य नागरिकों ने भी कांवड़ यात्रा में सहभागिता की। नगरवासियों ने उत्साह के साथ यात्रा का स्वागत किया और आयोजन की भव्यता की प्रशंसा की।

18 वर्षों से जारी है धार्मिक परंपरा

सरसीवा रोड कांवड़िया संघ द्वारा आयोजित यह कांवड़ यात्रा लगातार 18वें वर्ष निकाली गई। वर्षों से चली आ रही इस परंपरा ने सावन के अंतिम सोमवार पर सरायपाली को भक्तिमय बना दिया। कांवड़ यात्रा के माध्यम से श्रद्धालुओं ने भगवान शिव के प्रति अपनी आस्था और भक्ति प्रकट की।

समिति ने जताया आभार

कांवड़ यात्रा को सफल बनाने में समिति के नवल किशोर अग्रवाल, अमरनाथ झा, राजेश अग्रवाल, मुकेश अग्रवाल, शौकीलाल साहू, सीटू अग्रवाल, महेंद्र डडसेना, सुनील अग्रवाल, बाबूलाल आदित्य, शत्रुघ्न साहू, सनातन प्रधान, दिनेश यादव, महेश सोनी, भुनेश यादव, दामोदर जायसवाल एवं प्रमोद सेठ सहित समिति के सभी सदस्यों का विशेष योगदान रहा।

समिति ने आयोजन को सफल बनाने में सहयोग देने वाले पुलिस प्रशासन, जलपान एवं सेवा व्यवस्था में सहयोग करने वाले समस्त शिव भक्तों, श्रद्धालुओं तथा सरायपालीवासियों का आभार व्यक्त करते हुए धन्यवाद ज्ञापित किया। आयोजन ने सावन के चौथे सोमवार पर पूरे सरायपाली नगर को श्रद्धा, भक्ति और उत्साह से सराबोर कर दिया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here