साहू समाज के किसान और IT प्रकोष्ठ की संयुक्त बैठक, संगठन को मजबूत बनाने पर हुआ मंथन

0

रायपुर। CG DASTAK 

रायपुर। छत्तीसगढ़ प्रदेश साहू संघ के किसान प्रकोष्ठ एवं आईटी प्रकोष्ठ की संयुक्त बैठक रायपुर के टिकरापारा स्थित भामाशाह छात्रावास में आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता प्रदेश साहू संघ के अध्यक्ष निरेन्द्र साहू ने की। बैठक में संगठन को मजबूत बनाने, किसान हितों से जुड़े मुद्दों को प्राथमिकता देने और डिजिटल माध्यमों के जरिए समाज को अधिक सशक्त बनाने पर चर्चा हुई।

संगठन को नई दिशा देने पर जोर

बैठक को संबोधित करते हुए प्रदेश अध्यक्ष निरेन्द्र साहू ने समाज के कार्यक्रमों, संगठन के लक्ष्यों और विभिन्न सामाजिक गतिविधियों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि बदलते समय के साथ समाज को संगठित और सशक्त बनाने में किसान एवं आईटी प्रकोष्ठ की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने दोनों प्रकोष्ठों के पदाधिकारियों से समाजहित में सक्रियता के साथ कार्य करने का आह्वान किया।

किसान परिवारों की समस्याओं को संगठन तक पहुंचाने की पहल

प्रदेश संयुक्त सचिव प्रदीप साहू ने कहा कि किसान प्रकोष्ठ समाज के किसान परिवारों की समस्याओं और आवश्यकताओं को संगठन तक पहुंचाने का प्रभावी माध्यम बनेगा। वहीं आईटी प्रकोष्ठ के माध्यम से समाज की गतिविधियों, योजनाओं और उपलब्धियों को आधुनिक तकनीक और डिजिटल प्लेटफॉर्म के जरिए प्रदेश के गांव-गांव और परिवारों तक पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि संगठन की मजबूती के लिए प्रत्येक प्रकोष्ठ को अपनी जिम्मेदारी पूरी निष्ठा, सक्रियता और आपसी समन्वय के साथ निभानी होगी।

AI और डिजिटल तकनीक के बेहतर इस्तेमाल पर चर्चा

किसान प्रकोष्ठ के संयोजक चोवाराम साहू और आईटी प्रकोष्ठ के प्रदेश संयोजक द्वारिका साहू के नेतृत्व में हुई बैठक में प्रदेशभर से आए पदाधिकारियों के साथ संगठन विस्तार और कार्ययोजना को लेकर चर्चा की गई।

बैठक में किसानों से जुड़े विषयों को प्राथमिकता देने के साथ-साथ तकनीक, AI और डिजिटल माध्यमों के प्रभावी उपयोग पर भी जोर दिया गया। दोनों प्रकोष्ठों ने समाज की गतिविधियों और योजनाओं की जानकारी अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने के लिए संयुक्त रूप से कार्ययोजना तैयार कर आगे बढ़ने की बात कही।

प्रदेशभर से पदाधिकारी हुए शामिल

बैठक में प्रदेश महामंत्री चित्रलेखा साहू, प्रदेश उपाध्यक्ष साधना साहू, डॉ. तिलक साहू, वरिष्ठ पदाधिकारी विद्या देवी साहू सहित प्रदीप साहू, द्वारिका साहू, चोवाराम साहू, पूर्णिमा साहू, मनीष साहू, बालाराम साहू सहित प्रदेशभर से बड़ी संख्या में पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

बैठक में संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने और समाज के विभिन्न वर्गों को आधुनिक तकनीक से जोड़ने की दिशा में मिलकर काम करने पर सहमति बनी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here