
गरियाबंद। CG DASTAK
गरियाबंद। ऑपरेशन निश्चय के तहत गरियाबंद पुलिस ने अंतर्राज्यीय गांजा तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। देवभोग थाना पुलिस ने NH-130C के खुटगांव अंतर्राज्यीय चेक पोस्ट पर एक आयशर वाहन से करीब 400 किलो गांजा बरामद किया है। जब्त गांजे की कीमत करीब 2 करोड़ रुपये बताई गई है। मामले में पुलिस ने कुल 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

पुलिस ने तस्करी में इस्तेमाल आयशर वाहन, पायलटिंग कर रही ग्लैमर बाइक, 3 मोबाइल और कुल 6.50 लाख रुपये नकद भी जब्त किए हैं।
चेकिंग के दौरान पकड़ा गया आयशर वाहन
पुलिस के मुताबिक 24 अगस्त की रात देवभोग पुलिस की टीम खुटगांव नाका पर वाहनों की जांच कर रही थी। इसी दौरान ओडिशा की ओर से आ रहे आयशर वाहन क्रमांक MH 06 BW 4144 को रोककर तलाशी ली गई।
वाहन की छत पर काले तिरपाल से ढके पैकेट मिले। पुलिस ने पैकेटों को खोलकर जांच की तो उनमें गांजा भरा हुआ था। वाहन में सवार महाराष्ट्र निवासी संतोष मोहिते और सुमित थोड़वे को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई।
आगे बाइक से हो रही थी पायलटिंग
पूछताछ में आरोपियों ने पुलिस को बताया कि उनके आगे एक बाइक चल रही थी, जिस पर दो लोग पायलटिंग कर रहे थे। इसके बाद पुलिस ने तत्काल घेराबंदी कर OD 08 W 5814 नंबर की बाइक को पकड़ा।
बाइक सवार पंकज मोहिते और जलंधर खम्हारी को भी गिरफ्तार कर लिया गया।
ओडिशा से सप्लायर भी गिरफ्तार
पूछताछ में पुलिस को गांजा सप्लाई करने वाले व्यक्ति की जानकारी मिली। आरोपियों ने बताया कि गांजा ओडिशा के कालाहांडी जिले के आमपानी थाना क्षेत्र के डेंगागुड़ा निवासी विनोद दिसारी से लिया गया था।
इसके बाद गरियाबंद पुलिस की टीम ने ओडिशा पहुंचकर विनोद दिसारी को उसके गांव से गिरफ्तार किया। उसके कब्जे से गांजा बिक्री से मिले 5 लाख रुपये नकद बरामद किए गए।
क्या-क्या हुआ जब्त?
400 किलो गांजा — कीमत करीब 2 करोड़ रुपये
आयशर वाहन — कीमत करीब 20 लाख रुपये
ग्लैमर बाइक
3 मोबाइल फोन
कुल 6.50 लाख रुपये नकद
पुलिस ने पांचों आरोपियों के खिलाफ NDPS एक्ट के तहत कार्रवाई करते हुए उन्हें न्यायालय में पेश किया है। गरियाबंद पुलिस की इस कार्रवाई को अंतर्राज्यीय गांजा तस्करी नेटवर्क के खिलाफ महत्वपूर्ण कार्रवाई माना जा रहा है। कार्रवाई में शामिल पुलिस टीम की सफलता पर एसपी ने टीम को बधाई दी है।









