
रायपुर। CG DASTAK
रायपुर। राजधानी रायपुर के टिकरापारा थाना क्षेत्र में शुक्रवार को दर्दनाक हादसे में मां-बेटे की करंट लगने से मौत हो गई। हादसा उस वक्त हुआ, जब महिला सूखने के लिए टंगे कपड़े निकालने बालकनी में पहुंची थी। इसी दौरान वह करंट की चपेट में आ गई। मां को करंट से चिपका देखकर उसे बचाने पहुंचे 23 वर्षीय बेटे को भी बिजली का झटका लगा और दोनों की मौके पर ही मौत हो गई।
मृतकों की पहचान कल्याणी बाई यादव (54 वर्ष) और उनके बेटे मधुसूदन यादव (23 वर्ष) के रूप में हुई है। घटना के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है।
बेटी से मिलने रायपुर आई थी महिला
जानकारी के अनुसार कल्याणी बाई यादव मूल रूप से धरसींवा के कूंरा गांव की रहने वाली थीं। उनका परिवार कृषि कार्य से जुड़ा है। वह अपने बेटे मधुसूदन के साथ रायपुर के छत्तीसगढ़ नगर में रहने वाली अपनी बेटी से मिलने आई थीं।
मृतका की बेटी यहां किराए के मकान में रहकर नर्सिंग की पढ़ाई कर रही है। शुक्रवार दोपहर कल्याणी बाई कपड़े निकालने के लिए मकान की बालकनी में गई थीं। इसी दौरान अचानक वह करंट की चपेट में आ गईं।
मां को बचाने पहुंचा बेटा भी आया चपेट में
मां को करंट से चिपका देखकर उनका 23 वर्षीय बेटा मधुसूदन उन्हें बचाने के लिए दौड़ा। उसने जैसे ही मां को बचाने का प्रयास किया, वह भी बिजली के करंट की चपेट में आ गया।
हादसा इतना गंभीर था कि दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलने के बाद आसपास के लोगों में भी हड़कंप मच गया।
कूलर से करंट फैलने की आशंका
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, कपड़े सुखाने के लिए विंडो कूलर और बालकनी की रेलिंग के बीच जीआई पाइप लगाया गया था। बताया जा रहा है कि कूलर में करंट आने के कारण बिजली का प्रवाह बालकनी और जीआई पाइप तक पहुंच गया।
कपड़े निकालने के दौरान महिला जीआई पाइप के संपर्क में आई और करंट की चपेट में आ गई। मां को बचाने पहुंचे बेटे के भी संपर्क में आने से उसकी जान चली गई।
हालांकि करंट फैलने की वास्तविक वजह और विद्युत व्यवस्था में किस स्तर पर खराबी थी, इसकी पुष्टि जांच के बाद ही होगी।
घटना की सूचना मिलते ही टिकरापारा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है और यह भी पता लगाया जा रहा है कि कूलर और बालकनी में बिजली का करंट किस वजह से आया। हादसे से जुड़े अन्य तकनीकी पहलुओं की भी जांच की जा रही है।
यह घटना एक बार फिर घरों में बिजली के उपकरणों, कूलर और धातु की वस्तुओं के आसपास सुरक्षा बरतने की जरूरत को सामने लाती है।









