बर्तन बेचने के बहाने किराए का मकान, फिर चोरी! बेमेतरा में बांग्लादेशी नागरिक गिरफ्तार, फर्जी आधार-पैन से 4 राज्यों में वारदात का आरोप

0

बेमेतरा। CG DASTAK 

बेमेतरा। छत्तीसगढ़ के बेमेतरा जिले में पुलिस ने चोरी के एक मामले की जांच करते हुए एक बांग्लादेशी नागरिक को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक आरोपी फर्जी पहचान दस्तावेजों के सहारे भारत में रह रहा था और बर्तन बेचने के बहाने अलग-अलग इलाकों में किराए का मकान लेकर चोरी की वारदातों को अंजाम देता था। पुलिस जांच में आरोपी के नेटवर्क के मध्यप्रदेश, छत्तीसगढ़, महाराष्ट्र और कर्नाटक समेत कई राज्यों तक फैले होने की जानकारी सामने आई है।

बर्तन बेचने के बहाने किराए का मकान

मामला बेमेतरा सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र के सिंघौरी गांव में हुई चोरी से जुड़ा है। पुलिस ने जांच के दौरान मोहम्मद सुमोन खान (24) को गिरफ्तार किया। पुलिस के तकनीकी विश्लेषण में उसकी बांग्लादेशी नागरिकता की पुष्टि होने का दावा किया गया है।

पुलिस के अनुसार आरोपी बिना वैध वीजा और पासपोर्ट के भारत में रह रहा था। उसने कर्नाटक में फर्जी आधार और पैन कार्ड बनवा रखे थे। इन दस्तावेजों का इस्तेमाल वह अपनी पहचान छिपाने और अलग-अलग जगहों पर रहने के लिए करता था।

जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी अलग-अलग जिलों में बर्तन बेचने के बहाने किराए का मकान लेता था। इसके बाद आसपास के गांवों और मोहल्लों की रेकी कर चोरी की वारदातों को अंजाम देता था।

चोरी के बाद बदल देता था ठिकाना

पुलिस के मुताबिक आरोपी वारदात को अंजाम देने के बाद तुरंत अपना ठिकाना बदल देता था। उसके साथी भी अलग-अलग समय पर उसके संपर्क में आते थे और मिलकर वारदातों को अंजाम देते थे। पुलिस अब आरोपी से उसके पूरे नेटवर्क और अन्य मामलों के संबंध में पूछताछ कर रही है।

7 मामलों में दर्ज है नाम, जेल भी जा चुका है

पुलिस के अनुसार मोहम्मद सुमोन खान के खिलाफ कबीरधाम, बेमेतरा, मुंगेली और राजनांदगांव जिलों के अलग-अलग थानों में चोरी, नकबजनी और आर्म्स एक्ट से जुड़े करीब 7 मामले दर्ज हैं।

पुलिस का दावा है कि आरोपी वर्ष 2019 में बेमेतरा चोरी, कवर्धा में कई चोरी की घटनाओं, वर्ष 2022 में राजनांदगांव चोरी, कर्नाटक में लूट और नागपुर में आर्म्स एक्ट के मामले में जेल जा चुका है। जुलाई 2026 में जेल से छूटने के बाद वह दोबारा बेमेतरा चोरी के मामले में पुलिस के हत्थे चढ़ा।

14 जिलों की पुलिस से संपर्क

आरोपी के आपराधिक नेटवर्क की जानकारी जुटाने के लिए बेमेतरा पुलिस ने छत्तीसगढ़ समेत कई राज्यों के 14 जिलों की पुलिस से संपर्क किया है। इनमें छत्तीसगढ़ के कांकेर और कोरिया, मध्यप्रदेश का इंदौर, तेलंगाना का साइबराबाद, दिल्ली का पूर्वी दिल्ली, जम्मू-कश्मीर का बड़गाम, पश्चिम बंगाल के दक्षिण दिनाजपुर और नादिया, कर्नाटक के बागलकोट और बेलगाम, महाराष्ट्र के चंद्रपुर और नागपुर तथा ओडिशा का कोरापुट शामिल हैं।

पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी ने किन-किन स्थानों पर वारदातें कीं और उसके साथ इस नेटवर्क में कौन-कौन लोग जुड़े हुए हैं।

किराएदार रखने से पहले सत्यापन की अपील

इस मामले के बाद बेमेतरा पुलिस ने मकान मालिकों से अपील की है कि किसी भी बाहरी व्यक्ति को मकान किराए पर देने से पहले उसके पहचान पत्र, दस्तावेज और पते का सत्यापन जरूर कराएं। साथ ही किराएदार की जानकारी नजदीकी थाने में देने की अपील की गई है।

पुलिस का कहना है कि किराएदारों का सही तरीके से सत्यापन होने से संदिग्ध और आपराधिक गतिविधियों पर प्रभावी ढंग से अंकुश लगाया जा सकता है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here