ट्रेन का टिकट था, फ्लाइट में उड़ गए साहब! पीड़ित से टिकट के पैसे लेने का आरोप, TI समेत 8 पुलिसकर्मी सस्पेंड

0

कटघोरा/बिलासपुर। बिलासपुर रेंज के पुलिस महानिरीक्षक (IG) रामगोपाल गर्ग ने वित्तीय अनियमितता और पद के दुरुपयोग के मामले में बड़ी कार्रवाई की है। कटघोरा थाना प्रभारी निरीक्षक मोती पटेल समेत कुल 8 पुलिसकर्मियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। मामला एक आरोपी की गिरफ्तारी के लिए गुरुग्राम गई पुलिस टीम की यात्रा और उसके खर्च से जुड़ा है।

आरोपी की गिरफ्तारी के लिए गुरुग्राम गई थी टीम

जानकारी के अनुसार, कटघोरा थाने में कृष्णा जेसीबी कंपनी से जुड़े धोखाधड़ी और चोरी के मामले में एफआईआर दर्ज की गई थी। मामले के आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम को हरियाणा के गुरुग्राम भेजने के निर्देश दिए गए थे।

बताया गया कि पुलिस टीम को निर्धारित प्रक्रिया के तहत ट्रेन से गुरुग्राम जाना था, लेकिन आरोप है कि नियमों और तय प्रक्रिया को दरकिनार करते हुए 8 सदस्यीय टीम ने हवाई यात्रा की।

पीड़ित से लिया गया फ्लाइट टिकट का खर्च

मामले में सबसे गंभीर आरोप यह सामने आया कि पुलिस टीम की फ्लाइट टिकट का खर्च प्रार्थी यानी पीड़ित से लिया गया। पुलिस टीम के हवाई सफर और यात्रा खर्च को लेकर पीड़ित ने वरिष्ठ अधिकारियों से शिकायत की।

शिकायत के बाद पूरे मामले की जांच कराई गई। जांच में वित्तीय अनियमितता और पद के दुरुपयोग की पुष्टि होने के बाद बिलासपुर रेंज IG रामगोपाल गर्ग ने आठों पुलिसकर्मियों के खिलाफ निलंबन की कार्रवाई की।

कोरबा एसपी सिद्धार्थ तिवारी ने भी कार्रवाई की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

कटघोरा TI समेत ये 8 पुलिसकर्मी निलंबित

निलंबित किए गए पुलिसकर्मियों में—

  1. निरीक्षक मोती पटेल — थाना प्रभारी, कटघोरा
  2. उप निरीक्षक राम पाण्डेय — प्रभारी अधिकारी
  3. प्रधान आरक्षक गुनाराम सिन्हा — क्रमांक 381
  4. प्रधान आरक्षक गोपाल यादव — क्रमांक 392
  5. प्रधान आरक्षक राजेश कंवर — क्रमांक 35
  6. आरक्षक प्रदीप राठौर — क्रमांक 747, थाना कटघोरा
  7. आरक्षक सुशील यादव — क्रमांक 41, साइबर सेल
  8. आरक्षक प्रशांत सिंह — क्रमांक 08, रक्षित केंद्र कोरबा

कटघोरा थाने पर पहले भी हो चुकी है कार्रवाई

कटघोरा थाना इससे पहले भी पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई को लेकर चर्चा में रहा है। कुछ समय पहले थाने के सामने करीब चार दिनों तक कबाड़ से लदी एक गाड़ी लावारिस खड़ी रहने और मामले में लापरवाही के आरोप में तत्कालीन थाना प्रभारी समेत तीन पुलिसकर्मियों को निलंबित किया गया था।

अब गुरुग्राम यात्रा में निर्धारित प्रक्रिया की कथित अनदेखी और पीड़ित से फ्लाइट टिकट का खर्च लिए जाने के मामले में 8 पुलिसकर्मियों के निलंबन से पुलिस महकमे में हलचल तेज है।

IG की इस कार्रवाई को पुलिस विभाग में अनुशासन, जवाबदेही और वित्तीय पारदर्शिता को लेकर सख्त संदेश के तौर पर देखा जा रहा है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here