बिलासपुर में एक ही फंदे पर मिली पति-पत्नी की लाश, बच्चों के रोने से खुला मामला; रात में घर से आ रही थी झगड़े की आवाज

0

बिलासपुर। CG DASTAK 

छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में पति-पत्नी की संदिग्ध मौत का सनसनीखेज मामला सामने आया है। सिरगिट्टी थाना क्षेत्र के नयापारा वार्ड क्रमांक-12 में मंगलवार सुबह दोनों के शव घर के कमरे में एक ही फंदे पर लटके मिले। घटना की जानकारी उस समय हुई, जब मकान मालिक ने बच्चों के जोर-जोर से रोने की आवाज सुनी और कमरे में जाकर देखा।

मृतकों की पहचान रमेश सिंह बंजारा (36) और उनकी पत्नी माया बंजारा (32) के रूप में हुई है। दोनों मूल रूप से मध्यप्रदेश के अनूपपुर जिले के रहने वाले बताए गए हैं। वे पिछले करीब 10-12 वर्षों से सिरगिट्टी क्षेत्र में किराए के मकान में अपने दो बच्चों के साथ रह रहे थे। दंपती एक औद्योगिक क्षेत्र की कंपनी में काम करते थे।

रात में घर से आ रही थी झगड़े की आवाज

बताया जा रहा है कि सोमवार रात पति-पत्नी के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। इसके बाद घर से तेज आवाज में गाने की आवाज भी आने की बात सामने आई है। मंगलवार सुबह बच्चों के जोर-जोर से रोने की आवाज सुनकर मकान मालिक रमेश कुमार साहू कमरे की ओर पहुंचे।

खिड़की से देखने पर उन्हें पति-पत्नी के शव एक ही फंदे पर लटके हुए दिखाई दिए। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।

दोनों शव पोस्टमार्टम के लिए भेजे गए

सूचना मिलते ही सिरगिट्टी पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घटनास्थल से फिलहाल कोई सुसाइड नोट मिलने की जानकारी सामने नहीं आई है।

मौत की वजह अभी स्पष्ट नहीं

पुलिस परिजनों और आसपास रहने वाले लोगों से पूछताछ कर रही है। प्रारंभिक तौर पर मामला आत्महत्या की आशंका से जुड़ा माना जा रहा है, लेकिन मौत की वास्तविक वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।

घटना के बाद दोनों छोटे बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।

CG Dastak | हर खबर, सीधा सच!

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here