
महासमुंद जिले की सिंघोड़ा पुलिस ने मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ बड़ी सफलता हासिल करते हुए एक लावारिस खड़ी बलेनो कार से 52.990 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद किया है। इस कार्रवाई में पुलिस ने गांजा, कार और दो मोबाइल फोन सहित कुल 29 लाख 51 हजार रुपये की संपत्ति जब्त की है।
जिले में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए एंटी नारकोटिक टास्क फोर्स के निर्देश पर लगातार विशेष जांच अभियान चलाया जा रहा है। इसी दौरान सिंघोड़ा पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि ओडिशा से छत्तीसगढ़ की ओर एक बलेनो कार (क्रमांक OD 02 BF 1327) में भारी मात्रा में गांजा ले जाया जा रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने राष्ट्रीय राजमार्ग-53 स्थित रेहटीखोल में नाकाबंदी कर संदिग्ध वाहन का इंतजार शुरू किया।
जांच के दौरान मुखबिर द्वारा बताए गए स्थान से लगभग 100 मीटर पहले उक्त बलेनो कार लावारिस हालत में खड़ी मिली। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर वाहन की तलाशी ली, लेकिन कार में कोई व्यक्ति मौजूद नहीं था।
तलाशी के दौरान पुलिस उस समय चौंक गई जब कार की पिछली सीट और रूफ में विशेष रूप से बनाए गए गुप्त चेंबर मिले। इन चेंबरों के भीतर छिपाकर रखा गया 52.990 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया। इससे यह स्पष्ट हुआ कि तस्करों ने पुलिस की नजर से बचने के लिए वाहन में विशेष रूप से गुप्त स्थान तैयार किए थे।
पुलिस ने मौके से बरामद 52.990 किलोग्राम गांजा, जिसकी अनुमानित कीमत 26 लाख 48 हजार 500 रुपये है, तस्करी में प्रयुक्त बलेनो कार जिसकी कीमत लगभग 3 लाख रुपये तथा दो मोबाइल फोन जिनकी कीमत 2,500 रुपये है, जब्त कर लिए। इस प्रकार कुल 29 लाख 51 हजार रुपये की संपत्ति पुलिस ने अपने कब्जे में ली।
फरार वाहन चालक के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी) के तहत थाना सिंघोड़ा में अपराध दर्ज कर लिया गया है। पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी हुई है तथा पूरे मामले की विस्तृत विवेचना जारी है। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि गांजे की यह खेप किन लोगों तक पहुंचाई जानी थी और इस तस्करी नेटवर्क में अन्य कौन-कौन लोग शामिल हैं।
महासमुंद पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के विरुद्ध अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा और ऐसे मामलों में शामिल आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।










