ग्राम पुजारीपाली में पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 45 लीटर अवैध महुआ शराब जब्त, महिला तस्कर गिरफ्तार

0

सरायपाली। महासमुंद जिला पुलिस द्वारा अवैध शराब के निर्माण, बिक्री एवं परिवहन के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत थाना बलौदा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए ग्राम पुजारीपाली में एक महिला को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके कब्जे से 45 लीटर अवैध हाथ भट्ठी निर्मित महुआ शराब, जिसकी अनुमानित कीमत 9,000 रुपये है, जब्त की है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 4 अगस्त 2026 को मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि ग्राम पुजारीपाली निवासी सुरजो मांझी अपने घर में भारी मात्रा में अवैध महुआ शराब बिक्री के उद्देश्य से छिपाकर रखी हुई है। सूचना मिलते ही थाना बलौदा पुलिस ने तत्काल टीम गठित कर मौके पर दबिश दी।

पुलिस को देखकर एक महिला घर से भागने का प्रयास करने लगी, जिसे घेराबंदी कर पकड़ लिया गया। पूछताछ में उसने अपना नाम सुरजो मांझी (39 वर्ष), पति मुरली मांझी, निवासी ग्राम पुजारीपाली, थाना बलौदा, जिला महासमुंद बताया।

इसके बाद पुलिस ने विधिवत तलाशी ली। तलाशी के दौरान घर के कमरे में जमीन के अंदर बने गड्ढे से 45 लीटर हाथ भट्ठी निर्मित अवैध महुआ शराब बरामद हुई, जिसे बिक्री के लिए छिपाकर रखा गया था। पुलिस ने गवाहों की मौजूदगी में पूरी शराब जब्त कर आरोपी महिला के खिलाफ अपराध क्रमांक 49/2026 के तहत धारा 34(2) आबकारी अधिनियम में मामला दर्ज किया।

पुलिस ने आरोपी महिला को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

महासमुंद पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध शराब के कारोबार के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और ऐसे अवैध कार्यों में संलिप्त लोगों के विरुद्ध कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

गिरफ्तार आरोपी:

• सुरजो मांझी, पति मुरली मांझी, उम्र 39 वर्ष, निवासी ग्राम पुजारीपाली, थाना बलौदा, जिला महासमुंद।

जप्त संपत्ति:

• 45 लीटर अवैध हाथ भट्ठी निर्मित महुआ शराब।

• अनुमानित कीमत – ₹9,000।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here