
सरायपाली। किराना एवं एजेंसी व्यापारी संघ द्वारा बाजार में दस एवं बीस रुपये के छोटे नोटों की लगातार बनी हुई कमी और इससे व्यापारियों व आम नागरिकों को हो रही परेशानियों को लेकर सौंपे गए ज्ञापन पर प्रशासन ने तत्काल कार्रवाई करते हुए सोमवार, 03 अगस्त 2026 को एसडीएम कार्यालय में बैंक अधिकारियों एवं व्यापारी संघ के पदाधिकारियों की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की।
बैठक की अध्यक्षता एसडीएम महोदय ने की। इस दौरान बाजार में छोटे नोटों की कमी से उत्पन्न हो रही व्यावहारिक समस्याओं पर विस्तार से चर्चा की गई। व्यापारियों ने बताया कि छोटे नोटों की उपलब्धता नहीं होने के कारण ग्राहकों को शेष राशि लौटाने में कठिनाई होती है, जिससे रोजमर्रा के व्यापार पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है। कई बार ग्राहकों और दुकानदारों के बीच अनावश्यक विवाद की स्थिति भी निर्मित हो जाती है।
व्यापारी प्रतिनिधियों ने मांग रखी कि सभी बैंक शाखाओं में पर्याप्त मात्रा में ₹10 एवं ₹20 के नोट उपलब्ध कराए जाएं तथा व्यापारियों को नियमित रूप से छोटे नोट उपलब्ध कराने की प्रभावी व्यवस्था बनाई जाए।
व्यापारियों की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए एसडीएम महोदय ने बैठक में उपस्थित सभी बैंक अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए कि छोटे नोटों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए तत्काल प्रभाव से समुचित व्यवस्था बनाई जाए। उन्होंने कहा कि आम नागरिकों और व्यापारियों की सुविधा सर्वोच्च प्राथमिकता है तथा इस समस्या का शीघ्र और स्थायी समाधान किया जाना चाहिए।
बैठक में उपस्थित सभी बैंक अधिकारियों ने भी आश्वासन दिया कि वे अति शीघ्र छोटे नोटों की उपलब्धता बढ़ाने के लिए आवश्यक कदम उठाएंगे, जिससे बाजार में नकदी के छोटे मूल्यवर्ग की कमी दूर हो सके और व्यापारियों को राहत मिले।
इस महत्वपूर्ण बैठक में व्यापारी महासंघ के भोज अग्रवाल, किराना एवं एजेंसी व्यापारी संघ के अध्यक्ष नीरज बंसल तथा संघ के सचिव राजेश अग्रवाल उपस्थित रहे। सभी ने प्रशासन द्वारा त्वरित कार्रवाई किए जाने पर संतोष व्यक्त करते हुए आशा जताई कि जल्द ही बाजार में छोटे नोटों की समस्या का स्थायी समाधान देखने को मिलेगा।
व्यापारी संघ ने प्रशासन एवं बैंक अधिकारियों के सकारात्मक सहयोग के लिए आभार व्यक्त करते हुए कहा कि प्रशासन और व्यापारियों के समन्वय से जनहित से जुड़ी समस्याओं का प्रभावी समाधान संभव है।










