बिलासपुर में शराब दुकान पर हथियारबंद डकैती: गार्ड पर चाकू से हमला, महंगी शराब और CCTV सिस्टम लूटकर फरार

0

मस्तूरी थाना क्षेत्र की कंपोजिट शराब दुकान में देर रात 5-6 नकाबपोश बदमाशों ने दिया वारदात को अंजाम, पुलिस जांच में जुटी

बिलासपुर।

छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले के मस्तूरी थाना क्षेत्र स्थित एक कंपोजिट शराब दुकान में देर रात हथियारबंद नकाबपोश बदमाशों ने डकैती की सनसनीखेज वारदात को अंजाम दिया। 5 से 6 बदमाशों ने दुकान में घुसकर सुरक्षा गार्ड को बंधक बना लिया, उसके साथ मारपीट की और चाकू से हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है।

गार्ड को बंधक बनाकर किया हमला

जानकारी के मुताबिक, देर रात दुकान बंद होने के बाद 5-6 नकाबपोश बदमाश परिसर में घुस आए। ड्यूटी पर मौजूद सुरक्षा गार्ड ने उन्हें रोकने की कोशिश की तो आरोपियों ने उसे बंधक बना लिया और चाकू से हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया।

लॉकर नहीं टूटा, महंगी शराब लेकर फरार

वारदात के दौरान बदमाशों ने दुकान में रखे कैश लॉकर को तोड़ने का काफी प्रयास किया, लेकिन वे उसमें सफल नहीं हो सके। इसके बाद आरोपी दुकान में रखी 25 हजार रुपये से अधिक कीमत की महंगी शराब लूटकर फरार हो गए।

CCTV, DVR और मोबाइल भी ले गए

अपनी पहचान छिपाने और सबूत मिटाने के उद्देश्य से बदमाश दुकान में लगे CCTV कैमरे, DVR, स्कैनर और मोबाइल फोन भी अपने साथ ले गए, ताकि पुलिस को जांच में कठिनाई हो।

पुलिस ने शुरू की जांच

घटना की सूचना मिलते ही मस्तूरी थाना पुलिस और वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। घायल सुरक्षा गार्ड को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने अज्ञात नकाबपोश बदमाशों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और आसपास के CCTV फुटेज खंगालने के साथ आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here