दुर्ग में करोड़ों की जमीन डील में कथित धोखाधड़ी: कांग्रेस नेत्री रीता सिंह, पति और बेटे पर FIR दर्ज

0

कोर्ट के आदेश पर उतई पुलिस ने दर्ज किया मामला, 4.39 करोड़ रुपये की जमीन डील में धोखाधड़ी का आरोप

दुर्ग। CG DASTAK 

छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में करोड़ों रुपये की जमीन खरीदी-बिक्री के मामले में कांग्रेस नेत्री एवं भिलाई नगर निगम की एमआईसी सदस्य रीता सिंह, उनके पति रमेश चंद्र सिंह और बेटे मानवचंद सिंह के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया गया है। यह कार्रवाई न्यायिक मजिस्ट्रेट प्रथम श्रेणी, पाटन के आदेश के बाद उतई पुलिस ने की है।

कोर्ट के आदेश पर दर्ज हुई एफआईआर

जानकारी के अनुसार, रायपुर निवासी बीपी सिंह ने न्यायालय में परिवाद दायर किया था। मामले की सुनवाई के बाद कोर्ट ने तीनों आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने और नियमानुसार कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

क्या है पूरा मामला?

शिकायतकर्ता के अनुसार, वर्ष 2024 में छांटा स्थित गिट्टी खदान और उससे लगी 25 एकड़ जमीन का सौदा 4 करोड़ 50 लाख रुपये में तय हुआ था। सौदे में एक वैन मशीन और दो हाइवा वाहन भी शामिल थे।

आरोप है कि कुल 25 एकड़ में से 13 एकड़ जमीन आरोपियों के नाम, 7 एकड़ दान की भूमि और 5 एकड़ सरकारी लीज की जमीन थी।

4.39 करोड़ रुपये देने का दावा

शिकायतकर्ता का आरोप है कि उन्होंने चेक के माध्यम से 4 करोड़ 39 लाख रुपये का भुगतान किया। इसमें—

2 करोड़ 90 लाख रुपये मानवचंद सिंह के खाते में,

1 करोड़ रुपये रीता सिंह के खाते में,

शेष राशि रमेश चंद्र सिंह के खाते में जमा कराई गई।

इसके बावजूद आरोपियों ने केवल 7 एकड़ जमीन की रजिस्ट्री कराई। बाकी जमीन का न तो नामांतरण कराया गया और न ही सौदे की अन्य शर्तें पूरी की गईं।

फर्जी दस्तावेज तैयार करने का आरोप

शिकायतकर्ता का कहना है कि बाद में दस्तावेजों की जांच में पता चला कि जिन लोगों ने जमीन बेचने का दावा किया, वे वास्तविक भूमि स्वामी नहीं थे। आरोप है कि फर्जी इकरारनामा और अन्य दस्तावेज तैयार कर असली मालिकों की जगह दूसरे लोगों के हस्ताक्षर कराए गए और गलत जानकारी के आधार पर करोड़ों रुपये का सौदा किया गया।

पुलिस कर रही जांच

उतई पुलिस ने न्यायालय के निर्देश पर तीनों आरोपियों के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मामले में दस्तावेजों और बैंक लेनदेन की भी जांच की जा रही है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here