
बालोद के गोंदली नहर के पास भीषण सड़क हादसा, तीन युवक गंभीर घायल, बाइक जलकर राख

बालोद। CG DASTAK
छत्तीसगढ़ के बालोद जिले में फ्रेंडशिप-डे के दिन एक भीषण सड़क हादसे ने दो परिवारों की खुशियां छीन लीं। तेज रफ्तार ट्रक की चपेट में आने से दो दोस्तों की मौके पर दर्दनाक मौत हो गई, जबकि तीन अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा इतना भयावह था कि ट्रक बाइक को करीब 200 मीटर तक घसीटता ले गया, जिससे बाइक में आग लग गई और वह पूरी तरह जलकर राख हो गई।

यह हादसा रविवार शाम करीब 4:30 बजे बालोद-दल्लीराजहरा मार्ग पर गोंदली नहर के पास हुआ।
दो दोस्तों की गई जान
मृतकों की पहचान जगतापुर निवासी गेमन लाल देशमुख (21) और परसदा निवासी अरुण साहू (23) के रूप में हुई है। दोनों फ्रेंडशिप-डे मनाने के लिए घूमने निकले थे।

वहीं हादसे में यशु देशमुख (18), नरेंद्र निषाद (31) और पोषण कुमार गोयल (32) गंभीर रूप से घायल हुए हैं। घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए रेफर किया गया है।
200 मीटर तक घसीटी बाइक, लग गई आग
प्रत्यक्षदर्शियों और पुलिस के अनुसार, तेज रफ्तार ट्रक ने पहले एक बाइक को टक्कर मारी और फिर दूसरी बाइक को अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर के बाद बाइक ट्रक के नीचे फंस गई और करीब 200 मीटर तक घिसटती रही। सड़क पर घर्षण के कारण बाइक में आग लग गई और वह जलकर खाक हो गई।

शव उठाने के लिए पॉलीथिन का सहारा
हादसा इतना वीभत्स था कि दोनों मृतकों के शव बुरी तरह क्षत-विक्षत हो गए। मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने शवों को पॉलीथिन में उठाकर अस्पताल भिजवाया। वहीं फायर ब्रिगेड ने आग बुझाई और सड़क पर फैले अवशेषों को साफ कर यातायात बहाल कराया।
एक माह पहले खरीदी थी नई बाइक
जानकारी के अनुसार, जगतापुर निवासी यशु देशमुख ने करीब एक माह पहले ही नई स्प्लेंडर बाइक खरीदी थी। वह बाइक के दस्तावेज संबंधी कार्य के लिए दल्लीराजहरा गया था। उसके साथ उसके दोस्त गेमन लाल देशमुख और वरुण साहू भी थे। काम पूरा कर सभी लौट रहे थे, तभी यह दर्दनाक हादसा हो गया।

जांच में जुटी पुलिस
बालोद पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त ट्रक और बाइक को जब्त कर लिया है। एसडीओपी विनय कुमार ने बताया कि प्रारंभिक जांच में हादसे की वजह तेज रफ्तार सामने आई है। मामले में अपराध दर्ज कर आगे की जांच की जा रही है।










