
दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे ने शुरू की प्रक्रिया, चिरमिरी की रेल कनेक्टिविटी होगी मजबूत; दो साल में पूरा होगा प्रोजेक्ट
रायपुर। CG DASTAK
छत्तीसगढ़ के मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर (एमसीबी) जिले को जल्द ही नई रेल कनेक्टिविटी की सौगात मिलने जा रही है। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे (SECR) ने पाराडोल से नागपुर रोड स्टेशन तक नई ब्रॉडगेज सिंगल रेल लाइन बिछाने और बोरीडांड–चिरमिरी रेल लाइन के स्लूइंग कार्य के लिए ई-टेंडर जारी कर दिया है।
करीब ₹601.90 करोड़ की लागत वाली इस महत्वाकांक्षी परियोजना को ईपीसी मोड पर बनाया जाएगा। रेलवे ने इसे 730 दिनों (दो वर्ष) के भीतर पूरा करने का लक्ष्य रखा है।
17.5 किलोमीटर लंबी होगी नई रेल लाइन
परियोजना के तहत पाराडोल टेकऑफ पॉइंट (किमी 947.257) से नागपुर रोड स्टेशन (किमी 964.820) तक लगभग 17.5 किलोमीटर लंबी नई ब्रॉडगेज सिंगल लाइन बिछाई जाएगी। साथ ही बोरीडांड–चिरमिरी लाइन के एक हिस्से का स्लूइंग (लाइन को नई दिशा में जोड़ना) भी किया जाएगा।
आधुनिक सुविधाओं से लैस होगा प्रोजेक्ट
इस परियोजना में रेल ट्रैक के साथ-साथ बड़े पुल, रोड ओवर ब्रिज (ROB), रोड अंडर ब्रिज (RUB), वायाडक्ट, आधुनिक सिग्नलिंग सिस्टम, ऑप्टिकल फाइबर नेटवर्क और रेल विद्युतीकरण जैसे कार्य भी किए जाएंगे। इसके अलावा नई चिरमिरी स्टेशन, पाराडोल जंक्शन और नागपुर रोड स्टेशन का भी विकास किया जाएगा।
रोजगार और कारोबार को मिलेगा बढ़ावा
प्रदेश के स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने कहा कि इस परियोजना से एमसीबी जिले की रेल कनेक्टिविटी मजबूत होगी। कोयला और खनिज परिवहन को गति मिलेगी, जिससे उद्योग और व्यापार को लाभ होगा। निर्माण कार्य के दौरान स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर भी बढ़ेंगे। साथ ही पर्यटन और आर्थिक गतिविधियों को भी नया प्रोत्साहन मिलेगा।
क्षेत्र में खुशी की लहर
लंबे समय से इस रेल लाइन की मांग कर रहे क्षेत्रवासियों ने ई-टेंडर जारी होने का स्वागत किया है। लोगों का कहना है कि इस परियोजना से चिरमिरी और आसपास के क्षेत्रों के विकास को नई दिशा मिलेगी।










