नल-जल योजना में बड़ा हादसा: पाइपलाइन कार्य के दौरान जिंदा दफन हुआ मजदूर, 4 दिन बाद खुदाई में मिला शव

0

भानुप्रतापपुर के हिंगनझर गांव की घटना, शव मिलने के बाद ग्रामीणों का फूटा गुस्सा, जेसीबी चालक हिरासत में

भानुप्रतापपुर। CG DASTAK 

कांकेर जिले के भानुप्रतापपुर थाना क्षेत्र से एक बेहद दर्दनाक हादसा सामने आया है। नल-जल योजना के तहत पाइपलाइन बिछाने के दौरान एक मजदूर जिंदा ही मिट्टी में दब गया, लेकिन किसी को इसकी भनक तक नहीं लगी। चार दिन बाद उसी स्थान की दोबारा खुदाई करने पर मजदूर का शव गड्ढे के भीतर बैठी हुई अवस्था में मिला। घटना के बाद गांव में भारी आक्रोश फैल गया।

यह हादसा कच्चे चौकी अंतर्गत ग्राम हिंगनझर में हुआ, जहां नल-जल योजना के तहत पाइपलाइन और घरेलू कनेक्शन का कार्य चल रहा था। 28 जुलाई को 30 वर्षीय रामदेव आंचला पाइपलाइन की नाली में उतरकर कनेक्शन जोड़ रहा था। इसी दौरान पीछे से गड्ढा भर रहे जेसीबी चालक ने अनजाने में उसी स्थान पर मिट्टी डाल दी, जहां मजदूर काम कर रहा था।

बताया जा रहा है कि रामदेव को संभलने या मदद के लिए आवाज लगाने तक का मौका नहीं मिला और वह मिट्टी में दब गया। अन्य मजदूर 20 से 40 मीटर दूर काम कर रहे थे, इसलिए किसी को हादसे की जानकारी नहीं हो सकी।

दोपहर के भोजन के समय रामदेव के नहीं पहुंचने पर साथियों ने तलाश शुरू की। शुरुआत में मोबाइल की घंटी गई, लेकिन बाद में फोन बंद हो गया। परिजनों और ग्रामीणों ने भी खोजबीन की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद कच्चे चौकी में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई गई।

31 जुलाई को पुलिस, सरपंच और ग्रामीणों की मौजूदगी में उसी स्थान पर दोबारा खुदाई कराई गई। करीब 10 मीटर की खुदाई के बाद रामदेव का शव गड्ढे के भीतर बैठी हुई अवस्था में मिला।

शव निकलते ही ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा और उन्होंने जेसीबी चालक के साथ मारपीट कर दी। पुलिस ने तत्काल हस्तक्षेप कर चालक को हिरासत में लिया और स्थिति को नियंत्रित किया।

जेसीबी चालक ने पुलिस को बताया कि वह दूसरी ओर से गड्ढा भरते हुए आगे बढ़ रहा था और उसे पता ही नहीं चला कि अंदर कोई मजदूर काम कर रहा है।

पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भानुप्रतापपुर जिला अस्पताल भेज दिया है। मामले की जांच जारी है और पुलिस के साथ संबंधित विभाग भी हादसे के कारणों की पड़ताल कर रहे हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here