छत्तीसगढ़ में बारिश का कहर: 4 दिन बाद दंपती के शव बरामद, दमाऊधारा में लापता युवक की भी मिली लाश

0

रायपुर। CG DASTAK 

गरियाबंद में नाला पार करते समय ग्रामीण बहा, रायपुर में जलभराव से जनजीवन प्रभावित; अगले 48 घंटे भारी बारिश का अलर्ट।

खबर:

रायपुर। छत्तीसगढ़ में लगातार हो रही बारिश आफत बनती जा रही है। प्रदेश के कई जिलों में नदी-नाले उफान पर हैं, जिससे हादसों का सिलसिला जारी है। सारंगढ़-बिलाईगढ़ में उफनते लाट नाले में बहे दंपती के शव चार दिन बाद बरामद हुए, जबकि सक्ती जिले के दमाऊधारा में लापता युवक का शव करीब 24 घंटे चले रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद मिला। वहीं गरियाबंद में उफनते सरगी नाले को पार करने की कोशिश में एक 55 वर्षीय ग्रामीण बह गया।

जानकारी के अनुसार, 26 जुलाई को सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले के लाट नाले को कार से पार करने की कोशिश के दौरान पति-पत्नी तेज बहाव में बह गए थे। बुधवार को घटनास्थल से करीब 3 किलोमीटर दूर चिखली गांव के पास उनकी कार मिली, जिसके अंदर दोनों के शव बरामद किए गए।

इधर, सक्ती जिले के दमाऊधारा पर्यटन स्थल पर दोस्तों के साथ घूमने आए दुर्ग-भिलाई निवासी प्रतीक कंवर (20) का शव भी बुधवार को बरामद कर लिया गया। युवक मंगलवार को झरने में नहाते समय तेज बहाव में बह गया था। SDRF और DDRF की टीम ने करीब 24 घंटे तक सर्च ऑपरेशन चलाया, जिसके बाद शव बरामद हुआ।

वहीं, गरियाबंद जिले के फिंगेश्वर थाना क्षेत्र में सहसपुर निवासी थनवार यादव (55) उफनते सरगी नाले को पार करने के दौरान बह गए। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, लोगों ने उन्हें रोकने की कोशिश की, लेकिन उन्होंने नाला पार करने का प्रयास किया। बाद में उनका शव घटनास्थल से करीब 5 किलोमीटर दूर खूंटेरी गांव के पास मिला।

लगातार बारिश के चलते सिकासार बांध से लगभग 15 हजार क्यूसेक पानी छोड़े जाने के बाद पैरी नदी के किनारे अलर्ट जारी किया गया है। राजधानी रायपुर में भी लगातार बारिश के कारण कई इलाकों में जलभराव हो गया है। देवपुरी से लालपुर स्थित फ्रूट मार्केट जाने वाली मुख्य सड़क समेत कई मार्गों पर पानी भर गया, जिससे लोगों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ा।

मौसम विभाग ने प्रदेश के कई जिलों में अगले 48 घंटे तक भारी बारिश, गरज-चमक और बिजली गिरने की चेतावनी जारी की है। प्रशासन ने लोगों से उफनते नदी-नालों को पार नहीं करने और मौसम संबंधी एडवाइजरी का पालन करने की अपील की है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here