
रायपुर। CG DASTAK
लगातार बारिश से नदी-नाले उफान पर, कई इलाकों का संपर्क टूटा; IMD ने अगले 48 घंटे के लिए भारी बारिश और बिजली गिरने का अलर्ट जारी किया।

खबर:
रायपुर। छत्तीसगढ़ में मानसून एक बार फिर कहर बनकर बरसा है। पिछले 24 घंटे के दौरान रायपुर और बिलासपुर संभाग सहित कई जिलों में हल्की से मध्यम, जबकि कुछ स्थानों पर भारी बारिश दर्ज की गई। लगातार बारिश के कारण कई नदी-नाले उफान पर हैं और अलग-अलग हादसों में बिजली गिरने से 5 लोगों की मौत हो गई, जबकि कई लोग घायल हुए हैं। वहीं, सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले में लापता पूर्व सरपंच देवनारायण पटेल और उनकी पत्नी का अब तक कोई सुराग नहीं मिला है।

मौसम विभाग के अनुसार, प्रदेश में अब तक मानसून की बारिश सामान्य से 21 प्रतिशत कम दर्ज की गई है। वहीं, अधिकतम तापमान 32.2 डिग्री सेल्सियस पेंड्रो रोड में दर्ज किया गया।
बिजली गिरने से 5 की मौत
बारिश के बीच आकाशीय बिजली गिरने से कई जिलों में दर्दनाक हादसे हुए। मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर (MCB) जिले के खड़गवां ब्लॉक के शिवपुर गांव में खेत में काम कर रहे तीन ग्रामीणों की मौत हो गई, जबकि पांच लोग घायल हो गए। सूरजपुर जिले के नमदगिरी गांव में खेत में काम कर रहे किसान की बिजली गिरने से मौत हो गई। वहीं गौरेला-पेंड्रा-मरवाही (GPM) जिले में एक महिला मजदूर की जान चली गई और छह अन्य महिलाएं घायल हो गईं।
नदी-नाले उफान पर, कई गांवों का संपर्क टूटा

लगातार बारिश से गरियाबंद जिले के छिंदोला-आमामोरा मार्ग पर स्थित खोलापारा नाले के ऊपर से पानी बहने लगा। इस दौरान नाला पार करने की कोशिश में एक बाइक सवार बहने लगा, जिसे स्थानीय लोगों ने सुरक्षित बचा लिया।
जलभराव के कारण आमामोरा, ओड, कुकरार और नगरार सहित कई गांवों का जिला मुख्यालय से संपर्क प्रभावित हो गया है।
पूर्व सरपंच और पत्नी की तलाश जारी
सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले में लाट नाले में कार बह जाने की घटना के बाद पूर्व सरपंच देवनारायण पटेल और उनकी पत्नी का अब तक पता नहीं चल सका है। दोनों की तलाश के लिए प्रशासन और राहत दल लगातार सर्च ऑपरेशन चला रहे हैं।

48 घंटे का अलर्ट
भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने बंगाल की खाड़ी में बने डीप डिप्रेशन के प्रभाव से अगले 48 घंटे तक प्रदेश के कई हिस्सों में भारी बारिश, गरज-चमक और आकाशीय बिजली गिरने की चेतावनी जारी की है। प्रशासन ने लोगों से नदी-नालों के पास जाने और खराब मौसम के दौरान खुले स्थानों पर रहने से बचने की अपील की है।











