
रायपुर। CG DASTAK
पुलिस का दावा- सीक्रेट पूल पार्टी के नाम पर न्यूड पार्टी की तैयारी, 40 हजार से 1 लाख रुपये तक एंट्री फीस, इंस्टाग्राम पेज से किया जा रहा था प्रचार।

रायपुर। राजधानी रायपुर में कथित ‘न्यूड पार्टी’ आयोजित करने की साजिश का पुलिस ने खुलासा किया है। पुलिस के अनुसार, इस मामले में अब तक 8 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि दो आरोपी फरार बताए जा रहे हैं। आरोप है कि सोशल मीडिया के जरिए युवाओं को पार्टी में शामिल होने के लिए आकर्षित किया जा रहा था और इसके लिए भारी एंट्री फीस भी तय की गई थी।

पुलिस के मुताबिक, पार्टी को “Raipur’s Biggest Strangers House/Pool Party” के नाम से प्रमोट किया जा रहा था। इसके लिए “अपरिचित क्लब” और “What is Raipur” नामक सोशल मीडिया पेजों का इस्तेमाल किया गया। साइबर टीम ने मोबाइल नंबर, पेमेंट ट्रांजेक्शन और सोशल मीडिया अकाउंट की जांच के आधार पर आरोपियों तक पहुंच बनाई।
फार्म हाउस में थी पार्टी की तैयारी
प्रारंभिक जांच के अनुसार, भाठागांव स्थित एक फार्म हाउस में पार्टी आयोजित करने की योजना बनाई गई थी। पुलिस का दावा है कि मुख्य आयोजक संतोष जेवानी और अजय महापात्रा थे। वहीं अन्य आरोपियों पर पार्टी के प्रचार, आयोजन और व्यवस्थाओं में सहयोग करने का आरोप है।

40 हजार से 1 लाख तक एंट्री फीस
पुलिस के अनुसार, पार्टी में शामिल होने के लिए युवाओं को सीक्रेट तरीके से एंट्री पास बेचे जा रहे थे। इसके लिए 40 हजार रुपये से लेकर 1 लाख रुपये तक की फीस तय की गई थी। जांच में यह भी सामने आया कि पार्टी के लिए 21 लोगों ने रजिस्ट्रेशन कराया था।

पुलिस कर रही गहन जांच
पुलिस का कहना है कि सोशल मीडिया प्रचार, मोबाइल फोन, बैंक ट्रांजेक्शन और डिजिटल साक्ष्यों की जांच की जा रही है। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि इस तरह के आयोजन पहले भी किए गए थे या नहीं और इसमें शामिल लोगों की भूमिका क्या रही।

पुलिस के अनुसार, मामले में गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ जारी है और फरार आरोपियों की तलाश की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।










