कांकेर में 3.54 करोड़ का गांजा जब्त, 70 बोरी लावारिस मिली; कार से 407 किलो बरामद

0

 कांकेर। CG DASTAK 

कांकेर। छत्तीसगढ़ में गांजा तस्करी के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। कांकेर जिले में दो अलग-अलग मामलों में कुल 687 किलो 910 ग्राम गांजा जब्त किया गया है। पुलिस के मुताबिक, जब्त गांजे की अनुमानित कीमत करीब 3 करोड़ 54 लाख रुपये है। पहली कार्रवाई में गढ़िया पहाड़ के पास 70 बोरी गांजा लावारिस हालत में मिला, जबकि दूसरी कार्रवाई में एक कार से 78 पैकेट में छिपाकर रखा गया 407 किलो 910 ग्राम गांजा बरामद किया गया। दूसरे मामले में राजस्थान निवासी एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है।

केस-1: गढ़िया पहाड़ के पास मिली 70 बोरी गांजा

कांकेर के कोतवाली थाना क्षेत्र के अंतर्गत सिंगारभाट स्थित गढ़िया पहाड़ के किनारे पुलिस ने लावारिस हालत में गांजे की 70 बोरियां बरामद कीं। इन बोरियों में करीब 280 किलो गांजा होने का अनुमान है। इसकी कीमत लगभग 1 करोड़ 50 लाख रुपये बताई गई है।

जानकारी के अनुसार, बुधवार को ओडिशा से गांजा लेकर तस्करों के कांकेर पहुंचने की सूचना मिली थी। गांजा तस्करी की जानकारी मिलने पर केशकाल पुलिस तलाश में जुटी थी। कांकेर पुलिस को भी सूचना दी गई और दोनों टीमों ने मिलकर कार्रवाई की।

बताया जा रहा है कि पुलिस की घेराबंदी की भनक लगने पर तस्कर गांजे की बोरियां पहाड़ के पास फेंककर फरार हो गए। सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने गांजा जब्त कर लिया। इस मामले में तस्करों की पहचान और उनकी गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।

केस-2: कार से 407 किलो 910 ग्राम गांजा बरामद

दूसरी कार्रवाई में केशकाल पुलिस ने 3 नवंबर को सूचना के आधार पर एक कार को रोककर तलाशी ली। कार से 78 पैकेट में रखा 407 किलो 910 ग्राम गांजा बरामद हुआ। पुलिस ने इसकी अनुमानित कीमत 2 करोड़ 3 लाख 95 हजार 500 रुपये आंकी है।

पुलिस के अनुसार, गांजे के पैकेट ड्राइवर सीट के पीछे और डिक्की में टेप से लपेटकर छिपाए गए थे। कार चालक ने पूछताछ में अपना नाम दीपक कुमार माली (31) बताया। वह राजस्थान का रहने वाला है।

कार में मिली फर्जी नंबर प्लेट

तलाशी के दौरान पुलिस को कार के डैशबोर्ड में छिपाकर रखी गई एक अतिरिक्त नंबर प्लेट भी मिली। इस पर RJ-23-UB-8472 लिखा हुआ था। आरोपी के पास से एक मोबाइल फोन और 1,100 रुपये नकद भी बरामद किए गए।

पुलिस ने गांजा, कार, मोबाइल और अन्य सामान सहित कुल 2 करोड़ 18 लाख 96 हजार 600 रुपये की संपत्ति जब्त की है। आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(ख) के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार किया गया। अदालत में पेश करने के बाद उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।

पुलिस ने तस्करी के खिलाफ अभियान तेज किया

एसपी पंकज चंद्रा के निर्देश पर जिले में गांजा और शराब तस्करी के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। इस कार्रवाई में केशकाल थाना प्रभारी रितेश मिश्रा सहित पुलिस अधिकारियों और जवानों की टीम शामिल रही।

दोनों मामलों में पुलिस की कार्रवाई से गांजा तस्करी के नेटवर्क पर दबाव बढ़ने की उम्मीद है। पहले मामले में फरार तस्करों की पहचान और गिरफ्तारी की कोशिश की जा रही है। वहीं दूसरे मामले में गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ के आधार पर तस्करी से जुड़े अन्य लोगों और नेटवर्क की जानकारी जुटाई जा सकती है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here