छत्तीसगढ़ सिंधी पंचायत का बड़ा फैसला: हर बड़े कार्यक्रम की शुरुआत होगी ‘अरपा पैरी के धार’ से, सभी पंचायतों में महिला और युवा विंग अनिवार्य

0

रायपुर। CG DASTAK 

प्रदेश स्तरीय मुखी संवाद में 90 पंचायतों के मुखिया और 600 से अधिक सदस्य शामिल, समाज की एकता, संस्कृति संरक्षण और सामाजिक विकास पर कई अहम प्रस्ताव पारित।

रायपुर। छत्तीसगढ़ पूज्य सिंधी पंचायत के प्रदेश स्तरीय ‘मुखी संवाद’ में समाज के विकास, संस्कृति संरक्षण और संगठन को मजबूत बनाने के लिए कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। कार्यक्रम में प्रदेशभर की करीब 90 पंचायतों के मुखिया और 600 से अधिक सदस्य शामिल हुए।

संवाद में निर्णय लिया गया कि अब सिंधी समाज के सभी प्रमुख कार्यक्रमों की शुरुआत छत्तीसगढ़ के राजगीत ‘अरपा पैरी के धार’ से की जाएगी। इसके साथ ही समाज की एकता, युवाओं की भागीदारी, महिलाओं के सशक्तिकरण और आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों की सहायता जैसे मुद्दों पर भी विस्तृत चर्चा हुई।

कार्यक्रम में राज्यपाल रमेन डेका मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहे। उन्होंने कहा कि किसी भी समाज की सबसे बड़ी ताकत उसकी स्थानीय पंचायतें होती हैं और समाज को सेवा, संगठन तथा सामाजिक कार्यों के माध्यम से आगे बढ़ना चाहिए।

महिला और युवा विंग होगा अनिवार्य

पंचायत अध्यक्ष महेश दरयानी और प्रवक्ता गौरव मंघानी ने बताया कि प्रदेश की 128 सिंधी पंचायतें धर्म, संस्कृति और भाषा के संरक्षण के लिए कार्य कर रही हैं। बैठक में सभी पंचायतों में महिला विंग और युवा विंग का गठन अनिवार्य करने का सुझाव रखा गया, ताकि समाज की नई पीढ़ी को संगठन से जोड़ा जा सके।

सामाजिक योजनाओं पर रहेगा विशेष फोकस

संवाद में महिलाओं और बच्चों के लिए संचालित सामाजिक कार्यों, छात्रावास, स्वास्थ्य सेवाओं, समाज के लिए भव्य भवन निर्माण और आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों की सहायता जैसी योजनाओं पर भी जोर दिया गया। महिला विंग द्वारा महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के प्रशिक्षण और किशोरियों के लिए जागरूकता कार्यक्रम चलाने की जानकारी भी दी गई।

सिंधी भाषा और संस्कृति के संरक्षण के लिए साप्ताहिक फिल्म फेस्टिवल सहित विभिन्न सांस्कृतिक गतिविधियों को और बढ़ावा देने पर भी सहमति बनी।

कार्यक्रम के अंत में समाज के प्रतिनिधियों ने संगठन को और मजबूत बनाने तथा आपसी मतभेद संवाद के माध्यम से दूर करने का संकल्प लिया। महासचिव बलराम आहूजा ने सभी अतिथियों और प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here