
कोरबा। CG DASTAK
सिविल लाइन थाना क्षेत्र की घटना, दमकल की कई गाड़ियां आग बुझाने में जुटीं; आसपास का इलाका किया गया सील
कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले के सिविल लाइन थाना क्षेत्र स्थित एक कार्बन फैक्ट्री में शुक्रवार को बॉयलर में विस्फोट के बाद भीषण आग लग गई। घटना के समय फैक्ट्री में काम कर रहे 30 से 40 मजदूरों ने समय रहते बाहर निकलकर अपनी जान बचाई। फिलहाल दमकल विभाग की टीमें आग पर काबू पाने में जुटी हुई हैं।
घटना की सूचना मिलते ही कोरबा एसपी सिद्धार्थ तिवारी समेत प्रशासन और पुलिस के अधिकारी मौके पर पहुंचे। एसपी सिद्धार्थ तिवारी ने बताया कि दमकल वाहनों की मदद से आग बुझाने का प्रयास किया जा रहा है। अब तक किसी भी प्रकार की जनहानि की सूचना नहीं मिली है।
सुरक्षा के मद्देनजर प्रशासन ने फैक्ट्री के आसपास के इलाके को एहतियातन सील कर दिया है। आग लगने के कारण पूरे क्षेत्र में काले धुएं का गुबार फैल गया, जिससे आसपास के लोगों में दहशत का माहौल बन गया।
फिलहाल आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है। प्रशासन की प्राथमिकता आग पर पूरी तरह काबू पाना और स्थिति को सामान्य करना है।










