
रायपुर। CG DASTAK
बिलासपुर के कोटा परियोजना मंडल में सागौन की लकड़ी का अवैध परिवहन पकड़ा गया, वन अपराध दर्ज।
छत्तीसगढ़ में अवैध लकड़ी तस्करी के खिलाफ वन विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए भारी मात्रा में सागौन की लकड़ी जब्त की है। बिलासपुर जिले के कोटा परियोजना मंडल में वन अमले ने गश्त के दौरान एक पिकअप वाहन और बाइक से अवैध रूप से सागौन की लकड़ी का परिवहन करते हुए चार आरोपियों को पकड़कर उनके खिलाफ वन अपराध दर्ज किया है।
वन मंत्री केदार कश्यप के निर्देश पर छत्तीसगढ़ राज्य वन विकास निगम द्वारा वन क्षेत्रों में अवैध कटाई, अतिक्रमण और लकड़ी तस्करी के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई।
गश्त के दौरान पकड़ी गई लकड़ी
वन विभाग की टीम ने भैंसाझार परिक्षेत्र के कलमीटार बीट में गश्त के दौरान महिंद्रा पिकअप (CG-10 BC-5582) में सागौन प्रजाति के 11 लट्ठे (1.138 घन मीटर) अवैध रूप से ले जाते हुए पकड़ा। मौके से एक लीवो (होंडा) बाइक (CG-28 CH-3192) भी जब्त की गई।
चार आरोपियों पर वन अपराध दर्ज
मामले में नीलकुमार घृतलहरे, ललित साहू, लालसिंह और दुर्गेश पाली के खिलाफ भारतीय वन अधिनियम, 1927 की संबंधित धाराओं के तहत वन अपराध दर्ज किया गया है। प्रकरण क्रमांक 87/27, दिनांक 21 जुलाई 2026 के तहत कार्रवाई की गई।
वन विभाग की निगरानी रहेगी जारी
वन विकास निगम के प्रबंध संचालक प्रेम कुमार ने वन अमले की कार्रवाई की सराहना करते हुए सभी परियोजना मंडलों में नियमित और रात्रिकालीन गश्त जारी रखने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि वन सुरक्षा और संरक्षण में उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों के कार्यों को गोपनीय प्रतिवेदन में भी शामिल किया जाएगा।
यह कार्रवाई क्षेत्रीय महाप्रबंधक अभिषेक सिंह और मंडल प्रबंधक सत्यदेव शर्मा के मार्गदर्शन में परियोजना परिक्षेत्र अधिकारी वैभव साहू के नेतृत्व में की गई।










