
नई दिल्ली। CG DASTAK
दोषियों को जल्द सजा दिलाने की तैयारी, प्रधानमंत्री बोले- युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ करने वालों को नहीं बख्शेंगे।
नई दिल्ली।

देशभर में नीट (NEET) पेपर लीक मामले को लेकर जारी विवाद के बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बड़ा ऐलान किया है। उन्होंने पेपर लीक से जुड़े मामलों के त्वरित निस्तारण के लिए फास्ट ट्रैक कोर्ट गठित करने की घोषणा की है। साथ ही संबंधित विभागों और अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई शुरू करने के निर्देश भी दिए हैं।
प्रधानमंत्री मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (X) पर कहा कि देश के युवाओं का हित और उनका भविष्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि पेपर लीक के सभी मामलों में दोषियों को जल्द और कठोर सजा दिलाने के लिए फास्ट ट्रैक कोर्ट का गठन किया जाएगा।
पीएम मोदी ने अपने संदेश में कहा कि विद्यार्थियों के हितों की रक्षा के लिए सरकार लगातार ठोस कदम उठा रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ करने वाले किसी भी व्यक्ति को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।
प्रधानमंत्री ने यह भी बताया कि संबंधित अधिकारियों और विभागों को इस फैसले को जल्द लागू करने के निर्देश दिए जा चुके हैं। सरकार का उद्देश्य है कि पेपर लीक जैसे मामलों का तेजी से निपटारा हो और दोषियों को शीघ्र सजा मिल सके।
यह घोषणा ऐसे समय में आई है जब नीट पेपर लीक और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर देश के कई हिस्सों में विरोध प्रदर्शन हो रहे हैं।










